कानपुर देहात। मतदान प्रक्रिया को लेकर लोगों की शंकाएं दूर करने और ईवीएम के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए शुक्रवार से कलक्ट्रेट में ईवीएम प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम शुरू किया गया। इस दौरान नागरिकों को ईवीएम के संचालन, मतदान करने के तरीके और वोट दर्ज होने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। लोगों ने मशीन पर मॉक मतदान कर पूरी प्रक्रिया को समझा।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कपिल सिंह के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी प्रशासन अंकित शुक्ला मौजूद रहे। कलक्ट्रेट परिसर में स्थापित ईवीएम प्रदर्शन केंद्र पर लोगों को मशीन की कार्यप्रणाली समझाई गई। एडीएम प्रशासन ने लोगों को बताया कि मतदान के दौरान ईवीएम का इस्तेमाल किस तरह किया जाता है और मतदाता किस प्रक्रिया से अपना वोट दर्ज कर सकता है।
प्रशिक्षण के दौरान नागरिकों ने स्वयं मशीन पर मॉक मतदान किया और मतदान प्रक्रिया का अनुभव लिया। उन्होंने बताया कि इसका उद्देश्य मतदान को लेकर लोगों में जागरूकता बढ़ाना, ईवीएम के संचालन से जुड़ी जानकारी देना और मतदान प्रक्रिया के संबंध में फैली शंकाओं एवं भ्रांतियों को दूर करना है। प्रशासन की ओर से जनपद की अन्य तहसीलों में भी ईवीएम प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वहां भी प्रदर्शन केंद्रों के माध्यम से लोगों को मशीन की कार्यप्रणाली समझाई जा रही है ताकि अधिक से अधिक नागरिक मतदान प्रक्रिया से परिचित हो सकें। (संवाद)अ