कानपुर। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में बुधवार को स्वास्थ्य विभाग व उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की बैठक हुई। इसमें क्रोमियम पाए जाने वाले क्षेत्रों को लेकर ड्राफ्ट तैयार किया गया। तय हुआ कि राखी मंडी, तेजाब मिल कैंपस, जाजमऊ, पनकी, नौरैयाखेड़ा, गोलाघाट, रूमा जैसे क्षेत्रों में अब नए सिरे से लोगों की जांच की जाएगी। इसके अलावा आईआईटी की टीम में यहां जांच करेगी।
इन क्षेत्रों में पेयजल की भी जांच होगी। इसके अलावा जिन लोगों में क्रोमियम या लेड की मात्रा अधिक मिलेगी उनका जरूरत के अनुसार उपचार कराया जाएगा। कोई लक्षण नहीं मिलने पर मेडिकल कॉलेज की टीम उनकी निगरानी करेगी।
सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी ने बताया कि बैठक में तय किया गया कि प्रभावित क्षेत्रों में कैंप लगाकर लोगों के सैंपल लिए जाएंगे। बैठक में डिप्टी सीएमओ डॉ. एसपी यादव, मेडिसिन के विभागाध्यक्ष डॉ. बीपी प्रियदर्शी, माइक्रोबायोलॉजी की मधु यादव व अन्य मौजूद रहे।
वहीं प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी मनोज चौरसिया ने बताया कि 29 नवंबर को इस मामले में आईआईटी के विशेषज्ञों के साथ भी बैठक हुई है। आईआईटी के प्रोफेसर डॉ. पुरनिंदी और डॉ. मनोज कुमार तिवारी ने नोडल अधिकारी नियुक्त करने और उनसे समन्वय स्थापित कर काम शुरू करने की बात कही है। मनोज चौरसिया ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में पानी, हवा और मिट्टी की जांच आईआईटी कानपुर में ही होगी।