कानपुर। बर्रा में देर रात नशेबाजी के विरोध में दिव्यांग की सगे छोटे भाई और उसके दोस्त ने हत्या कर दी। आरोपियों ने चाकू और भारी वस्तु से प्रहार कर वारदात को अंजाम दिया है। मामले में पुलिस ने आरोपी दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है जबकि भाई फरार है।
बर्रा विश्वबैंक एच ब्लॉक कॉलोनी निवासी कुंदन (42 ) छोटे भाई चंदन और बहन कंचन संग रहता था। कंचन के मुताबिक, कुंदन को आंखों से दिखाई नहीं देता था, जबकि छोटा भाई चंदन पेंटिंग का कार्य करता है। चंदन आए दिन घर में दोस्तों को लाकर शराब पीता था, जिसका बड़े भाई कुंदन विरोध करते थे।
बुधवार रात चंदन अपने दोस्त राजू चौरसिया के साथ शराब पीकर पहुंचा, घर आकर फिर शराब पीने लगा। नशे में होने के चलते दोनों जोर-जोर से शोर मचा रहे थे। इसका कुंदन ने विरोध किया तो चंदन और उसके साथी ने मिलकर कुंदन पर चाकू से वार कर दिया, इसके बाद सिर और चेहरे पर भारी वस्तु से प्रहार किया। भाई के अचानक चीखने फिर शांत होने पर वह ऊपरी तल पर पहुंची तो चंदन और राजू तेजी से बाहर की ओर भागे। जबकि कुंदन का शव जमीन पर पड़ा था। बहन के चीखने पर मुहल्ले वाले जुटे और पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने राजू को दबोच लिया। डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि हत्यारोपी भाई भाई की तलाश में टीमें दबिश दे रही हैं।