फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

प्रधान की डकैती-फतेहपुर- पेज तीन

विज्ञापन
विज्ञापन
प्रधान समेत दो घरों में डाका, तीसरे में चोरी
विज्ञापन

शनिवार रात रहसूपुर गांव में बदमाशों का धावा
14 लाख के जेवर, नकदी ले गए, चोरी की रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
औंग (फतेहपुर)। रहसूपुर गांव में शनिवार रात सशस्त्र बदमाशों ने प्रधान समेत दो घरों में डकैती डाली। तीसरे घर से लाखों की चोरी को अंजाम दिया। एक घर में विरोध करने पर बदमाशों ने फायरिंग भी की। तीनों घरों से बदमाश करीब 14 लाख का माल समेट ले गए। औंग थाना पुलिस ने मौके पर जांच के बाद मामला डकैती की बजाय चोरी में दर्ज किया है। पुलिस को मौके से कारतूस व तमंचे का टूटा हुआ ट्रिगर भी मिला है।
बदमाश सबसे पहले रात करीब 12 बजे आंगन के रास्ते प्रधान राजेंद्र सिंह के घर में घुसे। राजेंद्र सिंह कानपुर में रहते हैं। उनके चाचा हाकिम सिंह, हुकुम सिंह का परिवार गांव के घर में रहता है। हुकुम सिंह कमरे और उनकी पत्नी ज्ञानवती आंगन में सोई थीं। ज्ञानवती ने बताया कि आहट होने पर उनकी नींद खुल गई। तभी पांच में से एक बदमाश ने उनकी कनपटी पर तमंचा लगा दिया। बदमाशों ने पति के कमरे के दरवाजे पर बाहर से कुंडी लगा दी। दूसरे कमरे में सो रहे जेठ हाकिम सिंह कमरे से बाहर निकले तो बदमाश हाकिम और ज्ञानवती को अंदर के कमरे में ले गए और वहां अलमारी व बक्से के ताले तोड़कर करीब डेढ़ लाख रुपये और छह लाख कीमत के सोने-चांदी के जेवरात समेट लिए। इसके बाद बदमाश दोनों को कमरे में बंद कर भाग निकले। हुकुम सिंह ने किसी तरह बाहर निकलकर पुलिस को सूचना दी।
विज्ञापन

सोते रहे घरवाले, बदमाशों ने तोड़े ताले
प्रधान के घर से निकलकर बदमाश पड़ोसी शिवकुमार के घर में आंगन के रास्ते से घुसे। शिवकुमार परिवार के साथ घर के बाहर सोते रहे। चोर कमरे में रखी अलमारी व बक्से के ताले तोड़कर 12 हजार नकद और एक लाख के जेवरात चोरी कर ले गए। परिवार को घटना की भनक तक नहीं लग सकी।
बदमाश से भिड़ा किसान, तमंचा क्षतिग्रस्त
इसके बाद बदमाश पड़ोस में रहने वाले किसान मनोज कुमार सिंह के घर में भी आंगन के रास्ते से पहुंचे। मनोज कुमार ने बताया कि वह पत्नी शीलू, बेटे अभिनव, मौसी मानमती, मां मिथिलेश के साथ हॉल में सोये थे। बदमाशों ने हॉल के आंगन की ओर खुलने वाले दरवाजे में बाहर से कुंडी बंद कर दी। बगल के कमरे में अलमारी, बक्सों का ताला तोड़कर जेवर, नकदी निकालने लगे।
खटपट की आवाज से मनोज की नींद खुली तो वे किसी तरह आंगन तक पहुंचे और बदमाशों को ललकारा। मनोज के मुताबिक एक बदमाश ने फायर किया तो उससे उनकी तमंचे की छीना-झपटी भी हुई। इसमें तमंचा क्षतिग्रस्त हो गया और एक कारतूस भी वहीं गिर गया। इसके बाद बदमाश वहां से भाग निकले। मनोज के घर से 80 हजार नकदी, पांच लाख के जेवरात बदमाश ले गए। मनोज ने बताया बदमाशों की संख्या पांच से छह थी।
ग्रामीणों में दहशत, पुलिस कर रही जांच
प्रभारी निरीक्षक जयचंद्र भारती ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। विवेचना में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। मौके पर फील्ड यूनिट टीम जांच के लिए पहुंची है। साक्ष्य संकलन की कार्रवाई की जा रही है। उधर, घटना से ग्रामीणों में दहशत है।
विज्ञापन

---
जाल वाले मकानों में भी चहलकदमी
बदमाशों ने रहसूपुर गांव के कई घरों को निशाना बनाने की कोशिश की थी, लेकिन आंगन में जाल लगा होने से उनके मंसूबे पूरे नहीं हो सके। ग्रामीण भुल्लन सिंह ने बताया कि उनके घर की छत पर भी बदमाशों ने चहलकदमी की। इसी तरह छोटे भाई राजू और गांव के ननकऊ परिहार की छत पर भी बदमाश पहुंचे पर जाल पड़ा होने से भीतर दाखिल न हो सके। अप्रैल में हाजीपुर गांव में ठीक इसी प्रकार की वारदात हुई थी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें