Chitrakoot News: ओएचई तार पर पेड़ गिरने से तेज धमाका हुआ। जिसके बाद बिजली बंद हो गई। घटना से स्टेशन पर खड़ी लखनऊ से जबलपुर जा रही चित्रकूट एक्सप्रेस के यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।
चित्रकूट जिले में कर्वी स्थित पुरानी काॅलोनी के पास ओएचई तार पर पेड़ गिर गया। इससे धमाके के साथ बिजली बंद हो गई। करंट की आशंका पर स्टेशन पर खड़ी लखनऊ से जबलपुर जा रही चित्रकूट एक्सप्रेस के यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यात्री शोर मचाते हुए प्लेटफार्म पर आ गए। करीब दो घंटे यातायात बाधित रहने से तीन ट्रेनें प्रभावित रहीं।
विज्ञापन
शुक्रवार की रात लखनऊ से जबलपुर जाने वाली चित्रकूट एक्सप्रेस प्लेटफार्म-दो पर खड़ी थी। बारिश से रात लगभग 12 बजकर 25 मिनट पर प्लेटफार्म-एक के बगल स्थित काॅलोनी की ओर खड़ा पेड़ ओएचई लाइन पर गिर गया। फाल्ट होने से लाइन टूट गई। इससे बिजली गुल हो गई। ट्रेनें जहां की तहां खड़ी हो गई। वाराणसी से ग्वालियर जा रही बुंदेलखंड एक्सप्रेस ट्रेन भी मंदाकिनी नदी पुल के पास खड़ी हो गई। झांसी से मानिकपुर जा रही शटल भी भरतकूप में रुक गई। इससे यात्री परेशान रहे।
स्टेशन प्रबंधक आरसी यादव ने बताया कि शिवरामपुर से ओएचई ठीक करने वाले स्टॉफ को बुलाया। लगभग दो घंटे पूरी लाइन ठीक कर दी गई। दो बजकर 17 मिनट पर लाइन ठीक कराकर ट्रेनों का संचालन शुरू करा दिया। बुंदेलखंड एक्सप्रेस एक बजकर 40 मिनट पर रवाना हुई।