दीपावली अमावस्या मेले पर धर्मनगरी का आकाश भक्ति के भावों से निखर गया। पहली बार रामघाट के आसमान में एक साथ 500 ड्रोन ने उड़ान भरी, जिसे देखने के लिए हर नजर रोमांचित हो उठी। आसमान में रंग बिरंगी लाइटों से जगमगाते ड्रोन से जैसे ही भगवान श्रीराम से जुड़े रामायण काल के प्रसंग उभरे तो लाखों श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के जयकारे लगाए।
ड्रोन से सबसे पहले श्रीराम का धनुष-बाण, फिर सीता-राम की छवि उभरी। वनवास, केवट के साथ गंगा पार, चित्रकूट में निवास, सीता हरण, हनुमान की लंका दहन और लंका विजय के दृश्य एक-एक कर आसमान में जीवंत हो उठे। जैसे-जैसे प्रसंग बदलते गए, श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ता गया। कोई मोबाइल में इस अद्भुत नजारे को कैद करता रहा, तो कोई हाथ जोड़कर बस टकटकी लगाए देखता रहा।