Chitrakoot News: चित्रकूट के लक्ष्मण पहाड़ी रोपवे पर मंगलवार को आपदा बचाव का पूर्वाभ्यास किया गया, जिसमें एसडीआरएफ ने हवा में फंसी ट्रॉलियों से यात्रियों का सफल रेस्क्यू कर अपनी तैयारियों को परखा।
चित्रकूट में नामचीन लक्ष्मण पहाड़ी पर पर्यटक झूला रोपवे से आ-जा रहे थे। अचानक रोपवे में आई तकनीकी खामी से बीच रास्ते में ट्राॅलियां हवा में लटक गई। खुद को हवा में लटकते देख ट्रॉलियों में बैठे पर्यटकों में चीख पुकार मच गई। यह मंजर देख वहां के आसपास मौजूद लोग भी सकते में आ गए। मालूमात करने पर पता चला कि लक्ष्मण झूला रोपवे का आपदा बचाव का पूर्वाभ्यास था।
रोपवे में तकनीकी खराबी और हवा में रुकी ट्रॉलियों के लटकने का परिदृश्य बनाया गया। तब जाकर लोगों ने राहत की सांस ली। सूचना पर एसडीआरएफ और नागरिक सुरक्षा स्वयंसेवकों ने पहुंचकर मोर्चा संभाला और टीम ने आधुनिक उपकरणों और रस्सियों की सहायता से हवा में लटकी ट्रॉलियों तक पहुंच बनाई। इसके बाद में रोपवे में फंसे हुए यात्रियों को सकुशल नीचे उतारा गया।