सदर कोतवाली क्षेत्र के बालापुर खालसा गांव में पत्नी ने नशा व जुआं के लिए रुपये नहीं दिए तो पति ने फंदा लगा लिया। पीआरवी मौके पर पहुंची, लेकिन युवक की मौत हाे चुकी थी। युवक ने ही पीआरवी को फंदा लगाने की जानकारी दी थी। जबतक पुलिस पहुंंची तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
बालापुर खालसा निवासी सुमित्रा देवी ने बताया कि उसके पति राजा (52) जुआ खेलने के लती थे। जुआ में रुपये हारने की वजह से उसके जेवरात बेच दिए थे। इससे वह नाराज होकर मायके चली गई थी। करीब 10 साल तक मायके में रही। लगभग एक साल पहले ही लौट कर आई थी। बताया कि गुरुवार सुबह आठ बजे के पति रुपये मांगने लगे तो उसने रुपये न होने की बात कही। इतने में ही कहासुनी हुई।
कुछ देर बाद पति कमरे के अंदर गए और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। पंखा के छल्ला में बिजली के केबल से फंदा बनाया। पत्नी ने यह भी बताया कि बंद कमरे से फोन से आवाज आई कि पति पीआरवी को सूचना दी कि वह फंदा लगाने जा रहा है। कुछ देर में पीआरवी पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़ कर अंदर घुसी। उसको फंदा से नीचे उतारा। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
प्रभारी कोतवाल राजकुमार वर्मा ने बताया कि परिजनों ने फंदा लगाने की जानकारी दी है। युवक ने फंदा लगाने के पहले पीआरवी को सूचना दी है, इसके बारे में जानकारी नहीं है। पीआरवी जिला प्रभारी शंभू दयाल मौर्य ने बताया कि यह सब उन्हें नहीं पता है। वह दूसरी जगह डयूटी पर हैं।