कस्बा श्रीनगर में 15 साल से संचालित चिटफंड कंपनी ग्राहकों का करोड़ों रुपये लेकर फरार हो गई। कार्यालय बंद होने और बोर्ड गायब देख ग्राहकों को ठगी का पता चला। 25 से अधिक ग्राहकों ने थाना श्रीनगर पहुंच तहरीर दी। पुलिस ने चिटफंड कंपनी के एमडी समेत 15 लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपियों में फिल्म अभनेता श्रेयश तलपड़े के नाम की भी चर्चा है। हालांकि, पुलिस अभी इस नाम के सत्यापन की बात कर रही है।
कस्बा श्रीनगर में वर्ष 2010 में एक चिटफंड कंपनी खोली गई थी। आरोप है कि ग्राहकों को पांच साल में दोगुनी रकम का लालच देकर रुपये जमा कराए गए। कई एजेंट तैयार किए गए। एजेंटों के माध्यम से ग्राहकों की आरडी व एफडी करवाई गई। शुरुआती दौर में कंपनी ने ग्राहकों की रकम वापस भी की। लालच में आकर ग्राहकों ने मिली रकम को और बढ़ाने के लिए दोबारा एफडी करवा दी। जब रकम लौटने का समय आया तो कंपनी अपने कार्यालय पर रातोंरात ताला डालकर फरार हो गई। संबंधित एजेंट व कंपनी के अधिकारियों के मोबाइल नंबर भी बंद बताने लगे।
कार्यालय पर ताला लटका देख बृहस्पतिवार को 25 से अधिक ग्राहक थाने पहुंचे। बताया कि कंपनी उनका 53.83 लाख रुपये लेकर फरार हो गई है। इसी तरह से सैकड़ों अन्य ग्राहक भी हैं, जिनका करोड़ों रुपये कंपनी डकार गई है। ग्राहक व भाजपा नेता नारायण दास कुशवाहा की तहरीर पर चिटफंड कंपनी के एमडी समीर अग्रवाल, उनकी पत्नी सानिया, आरके शेट्टी, संजय मुद्गल, श्रेयस तलपड़े निवासीगण महाराष्ट्र (बॉलीवुड अभिनेता की चर्चा), ललित कुमार, डालचंद्र, सुनील कुमार, सचिन रैकवार, कोमल, महेश कुमार, मोहन, जितेंद्र कुमार, नारायण सिंह समेत 15 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। सीओ चरखारी रविकांत गोंड का कहना है कि 15 लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। बॉलीवुड अभिनेता के नाम की चर्चा है, जिसका सत्यापन कराया जा रहा है।