माई सिटी रिपोर्टर
कानपुर। चीनी की जमाखोरी और कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन ने शनिवार को 13 थोक प्रतिष्ठानों पर छापा मारकर स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया। जांच में सभी प्रतिष्ठानों पर कुल 1,458.87 मीट्रिक टन चीनी मिली। किसी भी कारोबारी के यहां शासन की निर्धारित अधिकतम 400 मीट्रिक टन की सीमा से अधिक स्टॉक नहीं पाया गया।
जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी अजय विक्रम सिंह के नेतृत्व में हुई जांच में अभिलेखों में दर्ज स्टॉक का मौके पर उपलब्ध चीनी से मिलान किया गया। सत्यापन के बाद स्टॉक का विवरण विभागीय पोर्टल पर दर्ज कराया गया है। सभी कारोबारियों को हर शुक्रवार अपने स्टॉक की सही जानकारी ऑनलाइन दर्ज करना अनिवार्य किया गया है। जांच में शिव भंडार में 313.50 मीट्रिक टन, श्री अन्नपूर्णा भंडार में 245.87 मीट्रिक टन और गणेश प्रसाद कैलाश चंद्र के यहां 214 मीट्रिक टन चीनी मिली। राजेश कुमार अमरीश कुमार के यहां 157.80, राजेश कुमार अमरीश कुमार एंड कंपनी में 135.10 और दिनेश चंद्र एंड संस में 107.45 मीट्रिक टन स्टॉक मिला। वहीं सत्य नारायण विनय कुमार के यहां जांच के समय स्टॉक शून्य मिला। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि जिले में चीनी का पर्याप्त स्टॉक है और आपूर्ति सामान्य है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की। साथ ही चेतावनी दी कि जमाखोरी, कालाबाजारी, स्टॉक छिपाने, निर्धारित सीमा से अधिक भंडारण या बाजार में कृत्रिम कमी पैदा करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।