इटावा। शहर के बच्चा अस्पताल में वार्ड बॉय ने चीफ फार्मासिस्ट व कर्मियों से अभद्रता की। सीएमएस ने अभद्रता व अनुशासनहीनता पर वार्ड बॉय को निलंबित कर जिला अस्पताल से संबद्ध कर दिया। साथ ही तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की है। जांच रिपोर्ट आने के बाद वार्ड बॉय पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
मंगलवार दोपहर 12 बजे करीब शहर के नुमाइश मैदान रोड स्थित बच्चा अस्पताल में तैनात चीफ फार्मासिस्ट वेद प्रकाश ने वार्ड बॉय सरमन सिंह पर अभद्रता करने का आरोप लगाया। चीफ फार्मासिस्ट वेद प्रकाश ने बताया कि उन्होंने जब इसका विरोध किया तो वह धमकी देने लगा। यहां तैनात अन्य स्टाफ ने वार्ड बॉय को रोकने की कोशिश की तो उनसे भी अभद्रता की। चीफ फार्मासिस्ट ने इस मामले की शिकायत सीएमएस डॉ. पारितोष शुक्ला से की। उन्होंने इस मामले की जांच डॉ. महेश चंद्रा से करवाई। वह जांच को पहुंचे तो यह मामला सही पाया गया। उन्होंने इसकी रिपोर्ट सीएमएस को दी। सीएमएस ने अभद्रता व अनुशासनहीनता पर वार्ड बॉय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। साथ ही इस मामले की जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की। इसमें डॉ. जेपी चौधरी की अध्यक्षता में डॉ. पुष्पेंद्र यादव व फार्मासिस्ट हरिबाबू को नामित किया गया। वहीं, वार्ड बॉय को जिला अस्पताल से संबद्ध किया है। सीएमएस डॉ. पारितोष शुक्ला ने बताया कि जांच में वार्ड बॉय शराब के नशे में अभद्रता करते दिखाई दे रहा है। जांच के आधार पर उसे निलंबित किया गया है।