कानपुर देहात। माती ईको पार्क के कम्युनिटी हॉल में बुधवार को राष्ट्रीय आविष्कार अभियान की जनपद स्तरीय प्रतियोगिता हुई। प्रतियोगिता में विकासखंड स्तर की मॉडल निर्माण और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में विजेता रहे पांच-पांच बच्चों ने प्रतिभाग किया।
उच्च प्राथमिक विद्यालय करचल के कक्षा सात के छात्र आकाश ने नदी की गंदगी साफ करने वाली नाव बनाकर प्रथम पुरस्कार जीता। माती किशुनपुर की छात्रा कीर्ति चौहान ने आपातकालीन सड़क का मॉडल बनाकर दूसरा, गौर अमरौधा के अनस ने उत्सर्जन तंत्र बनाकर तीसरा, उच्च प्राथमिक विद्यालय नेपलापुर संदलपुर के विनय प्रताप सिंह ने फसल बचाव तंत्र बनाकर चौथा, उच्च प्राथमिक विद्यालय सलेमपुर डेरापुर के सुयश ने उपग्रह संचार तंत्र बनाकर पांचवा स्थान प्राप्त किया।
निर्णायक समिति में जीजीआईसी प्राचार्य कामिनी पाल, डायट से प्रवक्ता विपिन कुमार शांत, डीआईओएस कार्यालय से प्रवक्ता मृदुला तिवारी, एसआरजी अजय कुमार गुप्ता, संत कुमार दीक्षित, अनंत त्रिवेदी रहे। समिति के सदस्यों ने मॉडल प्रतियोगिता में विजेता पांच बच्चों को टैबलेट और क्विज प्रतियोगिता में विजेता बच्चों को साइंस किट पुरस्कार स्वरूप दी। प्रतिभागी सभी 100 बच्चों को स्कूल बैग प्रशस्ति पत्र और पुरस्कार दिए गए। इस दौरान खंड शिक्षा अधिकारी शैलेश द्विवेदी, जिला समन्वयक प्रशिक्षण सौरभ श्रीवास्तव, देवेश धर द्विवेदी, अंजली शुक्ला, मनोज पाल, प्रदीप निरंजन, वरुण बाजपेई, हर्षा नागपाल, महाराज सिंह, डॉ पंकज शंखवार आदि मौजूद रहे।