शाहजहांपुर-औंग मार्ग पर बने रेलिंग विहीन पुल से सोमवार को गिरे बालक का 18 घंटे बाद शव मिला तो परिजन और ग्रामीण भड़क गए। नाराज लोगों ने मंगलवार सुबह मुगलमार्ग हाईवे पर शव रखकर जाम लगा दिया। दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं।
पुलिस ने गुस्साए लोगों को शांत कराने का प्रयास किया लेकिन भीड़ मौके पर आला अधिकारियों को बुलाने की मांग पर अड़ गई। काफी प्रयास के बाद पुलिस ने एसडीएम की फोन पर परिजनों की बात कराई। एसडीएम ने रेलिंग बनवाने का आश्वासन दिया तब जाम खत्म हुआ।
बकेवर थानाक्षेत्र के शाहजहांपुर गांव निवासी नन्हा आरख का बेटा दीपू (12) शाहजहांपुर-औंग मार्ग स्थित रेलिंग विहीन नहर पुल से सोमवार दोपहर करीब दो बजे घर जा रहा था। सामने से भैंसें आ रही थीं। भैंस का धक्का लगने से दीपू नहर में गिर गया था।
गोताखोर दीपू को नहर में खोजने को शाम तक सर्च अभियान चलाए रहे, देर शाम तक पता न चलने पर सभी लौट गए थे। नहर में मंगलवार सुबह से खोजबीन शुरू की गई। घटनास्थल से करीब सौ मीटर की दूरी पर दीपू का शव मिला।
सुबह आठ बजे परिजनों के साथ ग्रामीण शव को लेकर मुगलमार्ग हाईवे पर पहुंच गए। शाहजहांपुर गांव के सामने हाईवे पर शव को रख दिया। इससे चौडगरा-घाटमपुर मार्ग पर आने जाने वाले वाहनों की कतारें लग गईं।
करीब तीन-तीन किलोमीटर दूरी तक जाम लगा रहा। सूचना पर पहुंचे थानेदार अरविंद गौतम से ग्रामीणों ने नहर पुल की मरम्मत और रेलिंग बनवाने की मांग की, ताकि अब कोई हादसा न हो सके। शव उठाने पर ग्रामीणों और पुलिस के बीच हल्की नोकझोंक भी हुई।
थानेदार अरविंद गौतम ने एसडीएम से बातचीत की। उसके बाद परिवार और ग्रामीणों से वार्ता कराई। एसडीएम आशीष सिंह ने परिजनों को बताया कि संबंधित विभाग से बातचीत की गई है। जल्द ही पुलिया को दुरुस्त कराया जाएगा। थानेदार ने बताया कि आश्वासन के बाद यातायात बहाल करा दिया गया। पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा गया है। मार्ग पर पूरी तरह से करीब 10 बजे यातायात बहाल हुआ है।
कक्षा छह का छात्र था दीपू
नहर में डूबा किशोर दीपू गांव के एक स्कूल कक्षा छह का छात्र था। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। हाईवे पर मां रेशमा बदहवास पड़ी दिखी। उससे बड़ा भाई नितिन और छोटा भाई हिमांशू है। एक बहन नेहा है। परिजनों ने नेहा का रिश्ता भी खोजा था। शादी की तैयारी भी कर रहे थे। परिवार की आर्थिक हालत भी ठीक नहीं है। परिवार मजदूरी दीपू के अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को समाजसेवी भारत भूषण पाठक ने
यह रहा घटनाक्रम
- 2:00 सोमवार दोपहर नहर में गिरा किशोर।
- 2:20 में परिजनों को घटना का पता लगा।
- 2:30 में ग्रामीण गोताखोर जाल बनाकर नहर में कूदे।
- 6:00 बजे तक कोरसम झाल तक नहर में पानी कम कराकर खोजबीन का अभियान जारी रहा।
- 07:45 मंगलवार सुबह बजे फिर से सर्च अभियान में किशोर मिला।
- 08:00 बजे नहर पुल करीब तीन सौ मीटर शाहजहांपुर के पास सड़क पर जाम लगा दिया।
- 10:00 बजे हाईवे पर यातायात बहाल हो सका।