इटावा। महोत्सव में मंगलवार को दो दिवसीय विज्ञान मेले का आयोजन किया गया। इसमें करीब पांच हजार बाल वैज्ञानिकों ने हिस्सा लिया। निजी स्कूलों के साथ ही सरकारी स्कूलों के बच्चों ने भी राम मंदिर और सफारी पार्क के शानदार मॉडल बनाकर अपना हुनर दिखाया। राम मंदिर बनाने वाली छात्राओं में एक मुस्लिम छात्रा अलीसा भी शामिल रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि वरिष्ठ पत्रकार सौरभ द्विवेदी, डीएम अवनीश राय, एसएसपी संजय कुमार वर्मा, डीएफओ अतुल कांत शुक्ला, सीडीओ अजय कुमार गौतम, एडीएम अभिनव रंजन श्रीवास्तव, डीआईओएस मनोज कुमार व सीबीएसई के सिटी कोऑर्डिनेटर व संत विवेकानंद के प्रधानाचार्य डॉ. आनंद ने किया। मास्टर क्लास विद सौरभ कार्यक्रम में सौरभ द्विवेदी ने कहा कि अपनी बोली, भाषा, जन्मभूमि से प्यार करें।
उन पर गर्व करें। क्योंकि वह हमारी मां की तरह प्यारे हैं। जीवन का मूल मंत्र देते हुए उन्होंने कहा कि चींटी रोज चलती है। इस लाइन कों हमेशा याद रखें। संत विवेकानंद सीनियर सेकेंडरी स्कूल प्रधानाचार्य डॉ. आनंद ने मुख्य अतिथि को अभिनंदन पत्र पढ़ने के बाद प्रदान किया। उन्होंने बताया कि दो दिवसीय विज्ञान मेले में 2500 से अधिक चलित व अचलित मॉडल सजाए गए हैं।