इटावा। दिल्ली से कानपुर जा रही अमृत भारत एक्सप्रेस में मंगलवार शाम आग की सूचना से हड़कंप मच गया। यात्रियों ने मैनपुरी फाटक पर चेन पुलिंग कर ट्रेन का रोक दिया। एस-3 कोच से धुआं उठते देख यात्री ट्रेन से उतरकर इधर-उधर भागने लगे। यात्रियों की सूचना पर टूंडला कंट्रोल रूम में सूचना दी गई।
ट्रेन स्टाॅफ के चेक करने के बाद ट्रेन को इटावा जंक्शन पर प्लेटफार्म नंबर तीन पर खड़ी करके दोबारा जांच की गई। इस दौरान शौचालय में सिगरेट के धुएं से ऑटोमेटिक फायर डिटेक्टर सक्रिय होने की बात सामने आई। ट्रेन करीब 25 मिनट स्टेशन पर खड़ी रही। जांच-पड़ताल के बाद ट्रेन को कानपुर के लिए रवाना किया गया।
दिल्ली से कानपुर जा रही अमृत भारत एक्सप्रेस में मंगलवार शाम 6:50 बजे मैनपुरी फाटक के पास एस-3 कोच के शौचालय से धुआं उठने की वजह से ऑटोमेटिक फायर डिटेक्टर सक्रिय हो गया और बीप की आवाज के साथ आग लगने का संकेत देने लगा। इससे यात्रियों में हड़कंप मच गया।
डरे सहमे यात्रियों ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोक दी। इसकी सूचना टूंडला कंट्रोम रूम में दी गई। इटावा जंंक्शन पर अमृत भारत एक्सप्रेस में आग की सूचना मिलते ही अफसरों में खलबली मच गई।
रेलवे स्टेशन अधीक्षक पीएम मीणा समेत कई अफसर मौके पर पहुंचे। उन्होंने शौचालय से उठे धुएं की जांच की। पता चला कि किसी यात्री ने सिगरेट पीकर वहीं पर छोड़ दी। इससे शौचालय में धुआं हो गया और ऑटोमेटिक फायर डिटेक्टर सक्रिय हो गया। इसकी जानकारी होने के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।
बाद में ट्रेन को इटावा जंक्शन पर लगाया गया। यहां पर दोबारा से जांच की गई। जांच-पड़ताल में सब ठीक पाए जाने पर ट्रेन को 7:20 बजे कानपुर के लिए रवाना किया गया।