इटावा। वायरल के साथ ही मलेरिया के भी मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। मंगलवार को आई जांच रिपोर्ट एक आठ साल की बच्ची में भी मलेरिया की पुष्टि हुई है। इस माह में अब तक कुल सात मलेरिया के मरीज मिल चुके हैं।
डॉ. बीआर आंबेडकर संयुक्त जिला अस्पताल में मंगलवार को मरीजों की भीड़ रही। एक बजे तक 1470 मरीजों ने पंजीकरण कराया। इसमें तेज बुखार व वायरल के सबसे अधिक 342 मरीज पहुंचे। वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. अजय कुमार शर्मा ने बताया कि मौसम परिवर्तन के बाद तेज बुखार, वायरल के साथ जुकाम व खांसी के मरीजों की संख्या बढ़ी है। इसमें बच्चों की संख्या अधिक रही। डॉक्टर से सभी की जांचें करवाईं। इसमें तेज बुखार व वायरल बुखार से पीड़ित पांच मरीजों को भर्ती किया गया। डॉक्टर ने बताया कि बदलते मौसम में सावधानी बरतने की जरूरत है। सुबह की ठंडक व दोपहर की तेज धूप लोगों को बीमार कर रही है। इसमें लापरवाही बिल्कुल न बरतें। घर के आसपास सफाई रखें। गंदे पानी का ठहराव न होने दें। ऐसे में मच्छर से कई बीमारियां हो सकती है। बच्चे व बड़ों के बीमार पड़ने पर जांच करने के बाद ही दवा लें। जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. एसएन सिंह ने बताया कि जसवंतनगर की अशोक कुमार की आठ साल की पुत्री अन्यया को कई दिनों से बुखार आ रहा था। वह जिला अस्पताल दवा लेने पहुंची तो डॉक्टर ने जांच करवाई। जांच में बालिका को मलेरिया की पुष्टि हुई। जिला अस्पताल में भर्ती कर उसका इलाज किया जा रहा है।