चित्रकूट में पट्टाभिषेक कार्यक्रम
- फोटो : अमर उजाला
चित्रकूट में श्रीतुलसीपीठ परिसर में आयोजित जगद्गुरु रामभद्राचार्य के उत्तराधिकारी रामचंद्रदास के पट्टाभिषेक कार्यक्रम के लिए पूर्व में तय कार्यक्रमानुसार यूपी के मुख्यमंत्री, मप्र के राज्यपाल, केंद्रीय रक्षामंत्री समेत पांच केंद्रीय मंत्री छह यूपी के मंत्रियों को शामिल होना था। लेकिन ऐसा नहीं हो सका।
जिससे कार्यक्रम की ड्यूटी में लगे पुलिस व अन्य कर्मचारियों ने राहत की सांस ली पर पूरा रंग फीका रहा। पूर्व केंद्रीय मंत्री के आकस्मिक निधन से यह सब हुआ जिसको लेकर कई बार जगद्गुरु ने अपने संबोधन में भी कहा। कार्यक्रम में शामिल होने धर्मनगरी पहुंच चुके भाजपा के मंत्रियों ने दूरी बनाई लेकिन मोती सिंह कुछ देर के लिए जगद्गुरु रामभद्राचार्य से मिलने पहुंचे।
इसके अलावा सांसद आरके सिंह पटेल, विधायक बांदा प्रकाश द्विवेदी, पूर्व सांसद भैरों प्रसाद मिश्र, पूर्व विधायक दिनेश मिश्र, भाजपा नेता सुनील पटेल, पंकज अग्रवाल, डीआरआई के अभय महाजन, सदगुरु संघ के डॉ. बीके जैन आदि मौजूद रहे।
आरएसएस प्रमुख का संदेश पढ़ा
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत का संदेश मंच से पढ़ा गया जिसमें उत्तराधिकारी रामचंद्रदास को शुभकामनाएं देकर कहा कि संघ श्रीतुलसी पीठ की हमेशा की तरह मदद करता रहेगा। इसके अलावा केंद्रीय मंत्री डा. हर्षवर्धन व संघ के सत्यदेव नारायण का भी संदेश सुनाया गया।
प्रधानमंत्री ने गठित की तीन सदस्यीय कमेटी
जगद्गुरु रामभद्राचार्य विकलांग विश्वविद्यालय को केंद्रीय विश्वविद्यालय बनाए जाने की मांग पर सांसद प्रभात झा ने बताया कि दिल्ली में प्रधानमंत्री मोदी से मिलने पर जगद्गुरु को आश्वासन मिला है। इसके लिए प्रधानमंत्री ने केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, प्रकाश जावड़ेकर व रमेश पोखरियाल निशंक की तीन सदस्यीय कमेटी बनाई गई है।