कानपुर में काहू कोठी निवासी कपड़ा कारोबारी राकेश शर्मा से 35 लाख की ठगी हो गई। कलक्टरगंज पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मसौली, बाराबंकी निवासी कपड़ा कारोबारी खालू और उसके तीन साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
राकेश शर्मा की काहू कोठी स्थित सहगल मार्केट में मेसर्स दीपा एजेंसी के नाम से फर्म है। जनवरी 2017 में खालू से उनकी मुलाकात हुई थी। राकेश ने बताया कि खालू कुछ महीने तक उनसे नगद माल लेता रहा। फिर उसने विश्वास जमाने के लिए अपने तीन कारोबारी साथी जानू, शराफत और मुबस्सिर से मुलाकात कराई। छह माह पहले चारों कारोबारियों की फर्मों के पते पर 30-35 लाख रुपये के कपड़े की सप्लाई कराई।
आरोप है कि पैसे का तगादा करने पर चारों जान से मारने की धमकी देने लगे। छानबीन कराने पर पता चला कि चारों कारोबारी के फर्मों के पते तक फर्जी थे। कलक्टरगंज थाने में तहरीर के बावजूद पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। इस पर कोर्ट में गुहार लगाई। थाना प्रभारी ने बताया कि चारों के खिलाफ अमानत में खयानत, गाली गलौज, जान से मारने की धमकी समेत अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।