अराजकतत्वों ने यूपी में बांदा जिले के नरैनी थानाक्षेत्र के लहुरेटा गांव में प्राचीन मंदिर से हनुमान मूर्ति बाहर फेंक दीं। पूजा करने ग्रामीण सुबह पहुंचे तो मूर्ति बाहर पड़ी देख आक्रोशित हो गए। कोतवाली पुलिस ने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत किया। सौहार्द का परिचय देते हुए ग्रामीणों ने फिर मूर्ति को मंदिर में स्थापित कराया। प्रधान प्रतिनिधि रशीद अहमद ने बताया कि गांव का माहौल शांतिपूर्ण है। अराजकतत्वों की तलाश की जा रही है।
क्षतिग्रस्त पुलिया से गुजर रहे वाहन
कालिंजर-बघेलाबारी मार्ग पर बनी पुलिया क्षतिग्रस्त होने से कभी भी हादसा हो सकता है। दिन रात भारी वाहनों के आवागमन से यह टूट चुकी है।
लोक निर्माण विभाग ठेकेदार ने 10 साल पहले पत्थर की चीपें लगाकर यह पुलिया बनवाई थी।
ग्रामीणों के मुताबिक सतना (म.प्र.) से बगैर टैक्स चुकाए चोरी-छिपे लोहा, सीमेंट व सुपाड़ी से ओवरलो ट्रक यहां से गुजरते हैं। बालू व्यवसायी भी इसी रास्ते कालिंजर से सीधे चित्रकूट पहुंचते हैं। जबकि इसी रास्ते में अतर्रा व नरैनी थाने पड़ते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि पत्थरों के चीपों से बनी इस पुलिया में नीचे बड़ी दरारें आ गई हैं। इससे कभी भी अनहोनी हो सकती है।