रनियां। कानपुर इटावा हाईवे पर रनियां से लेकर बारा जोड़ तक सड़क किनारे अवैध पार्किंग पर पुलिस ने सख्ती की है। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद रविवार को सीओ सदर व सीओ यातायात पहुंचे और अवैध पार्किंग में खड़े 70 माल वाहक वाहनों के चालान कटवाए।
रनियां क्षेत्र में ट्रक, टैंकर खड़े कर सर्विस लेन जाम करने से आवागमन में परेशानी होती है। रविवार को अमर उजाला ने मुददा उठाया। इसपर संयुक्त टीम ने हाईवे व सर्विस रोड और रायपुर गजनेर रोड पर खड़े वाहनों के चालान काटे है। इसके बाद दो फैक्ट्रियों को नोटिस थमाई गई है। अवैध वाहन पार्किंग से दो पहिया वाहन सवारों के साथ पैदल राहगीरों को आवाजाही में परेशानी होती है। सर्विस लेन पर वाहनों की अवैध पार्किंग पर वाहन सवार हाईवे से निकलने को मजबूर होते है। जल्दबाजी में हादसे का शिकार भी हो जाते है। कई बार हादसे हो चुके हैं।
रविवार को सीओ सदर संजय वर्मा, सीओ यातायात आलोक चौधरी, थानाध्यक्ष एसएन सिंह, यातायात प्रभारी राम बहादुर की टीम पहुंची। विसायकपुर हाईवे सर्विस रोड खड़े वाहनों के चालान किए गए। इसके बाद संयुक्त टीम गजनेर रायपुर रोड पर पहुंची और अवैध पार्किंग में खड़े वाहनों के चालान किए। यातायात प्रभारी राम बहादुर ने बताया कि विसायकपुर और रायपुर गजनेर मार्ग पर अवैध पार्किंग में खड़े मिले 70 वाहनों के चालान किए गए है। विसायकपुर में एक वनस्पति फैक्टरी और गजनेर रोड एक फैक्टरी संचालकों को नोटिस दिया गया है। सीओ यातायात आलोक चौधरी ने बताया कि रविवार को संयुक्त टीम ने वाहनों के चालान किए गए है। दो फैक्टरी संचालकों को नोटिस दी गई है। अवैध पार्किंग पर कार्रवाई जारी रहेगी।