गेस्ट हाउस में एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकते आरोपी।
- फोटो : गेस्ट हाउस में एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकते आरोपी।
बकेवर। कस्बे के औरैया रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में चार दिन पहले तिलक समारोह में डीजे पर मनपसंद गाना बजाने को लेकर मारपीट हो गई। इसके बाद जमकर कुर्सियां चल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत करवाया। किसी ने मारपीट कर वीडियो बनाकर सोशल साइट पर वायरल कर दिया, हालांकि अमर उजाला इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। अब पुलिस वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है।
कस्बे के औरैया रोड स्थित एक गेस्ट हाउस में चार दिन पहले क्षेत्र के एक युवक का तिलक समारोह था। तिलक चढ़ने के बाद लड़की पक्ष के लोग चले गए। बाद में वर पक्ष के लोग ही डीजे पर नाच रहे थे। इस दौरान पहले अपनी पसंद का गाना लगवाने के लिए वर पक्ष के लोग आपस में झगड़ने लगे।
देखते ही देखते मारपीट कर एक-दूसरे पर कुर्सियां फेंकने लगे। गेस्ट हाउस में मारपीट होते ही भगदड़ मच गई और पुलिस भी मौके पर पहुंची। झगड़े में दोनों पक्षों के कई लोग चोटिल हुए। सूचना पर बकेवर थाना पुलिस पहुंची। उधर, मारपीट करने वाले पुलिस को देखते ही भाग गए। थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह राठी ने बताया कि डीजे पर मनपसंद गाना लगवाने को लेकर वर पक्ष के लोगों में आपस में ही झगड़ा हुआ था। अभी तक किसी भी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।