चकरनगर। सहसों थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार को दो बाइक सवार युवकों पर आरोप है कि वे घर में घुसकर नाबालिग को जबरन उठा ले गए। पीड़िता के भाई ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। वहीं, पुलिस प्रेम-प्रसंग का मामला मान रही है।
पीड़िता के भाई का आरोप है कि गुरुवार सुबह करीब पांच बजे उसकी मां पशुओं को चारा-पानी देने गई थीं। उसी समय दो बाइक सवार युवक आए और घर में घुसकर उसकी बहन को जबरन उठा ले गए। घटना की जानकारी उसकी छोटी बहन ने मां को दी। परिजनों ने डायल 112 पुलिस टीम को सूचना दी।
सहसों थाना प्रभारी निरीक्षक राम प्रकाश सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पुलिस टीम सक्रिय है और जल्द ही नाबालिग का पता किया जाएगा। वह किसी अपने रिश्तेदार के साथ मर्जी से चली गई है। तहरीर मिलने पर जांच कर आरोपियों पर कार्रवाई की जाएगी।