फर्रुखाबाद जिले में अपराधियों के हौसले किस कदर बुलंद हैं, इसका एक बेहद चौंकाने वाला मामला सोमवार दोपहर को सामने आया। राजेपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत इटावा-बरेली हाईवे पर रामगंगा पुल के पास बाइक सवार दो बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक महिला के गले से सोने की चेन लूट ली।
रिश्तेदारी में बहू देखने जा रहे थे मां-बेटा
फर्रुखाबाद शहर के मोहल्ला दीनदयाल बाग निवासी राहुल शुक्ला सोमवार दोपहर करीब दो बजे अपनी मां अनीता शुक्ला को बाइक पर बैठाकर जलालाबाद स्थित एक रिश्तेदारी में बहू देखने जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक इटावा-बरेली हाईवे पर रामगंगा पुल से थोड़ा पहले पहुंची, राहुल लघुशंका करने के लिए सड़क किनारे रुक गया। इसी दौरान पीछे से आए एक बाइक पर सवार दो अज्ञात युवकों ने मौका ताड़कर अनीता शुक्ला के गले पर झपट्टा मारा और उनके गले में पहनी सोने की चेन बेरहमी से तोड़ ली।
लुटेरों से सरेराह गुत्थमगुत्था हुआ जांबाज बेटा
मां की चीख सुनकर राहुल तुरंत मौके पर दौड़ा और लुटेरों को भागने से पहले ही दबोच लिया। राहुल निडरता से दोनों लुटेरों से बीच सड़क पर ही भिड़ गया। मां को बचाने और बदमाशों को पकड़ने के लिए दोनों पक्षों में काफी देर तक गुत्थमगुत्था होती रही। खुद को फंसता देख एक शातिर लुटेरे ने अपनी कमर से अचानक लोडेड तमंचा निकाल लिया और राहुल पर तानकर ट्रिगर दबाने का प्रयास किया।
खंगाले जा रहे हैं सीसीटीवी फुटेज
दिनदहाड़े हाईवे पर कट्टा तानकर लूट की इस बड़ी वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) गिरीश कुमार सिंह, सीओ ऐश्वर्या उपाध्याय और राजेपुर थाने के उपनिरीक्षक आशुतोष कुमार भारी पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।