केस्को एमडी सेल्वा कुमारी जे ने दूसरे दिन शुक्रवार को भी शिवाला में चाट मार्केट, चूड़ी मार्केट और मेस्टन रोड में दुकान-दुकान जाकर कनेक्शन चेक किए। चाट मार्केट की करीब दो सौ दुकानों में कटिया से बिजली चलाई जा रही थी। इतना ही नहीं चेकिंग के दौरान चार दुकानदारों ने एक ही बिल की फोटोकॉपी दिखाई।
इस पर एमडी ने अधिकारियों से लोड के अनुसार बिल वसूलने के निर्देश दिए। इसके अलावा मार्केट में नया तार डलवाकर इलेक्ट्रानिक मीटर लगवाने को कहा। केस्को की टीम सुबह करीब 11:30 बजे शिवाला मार्केट में इलेक्ट्रानिक मीटर लगाने के काम में जुट गई थी। अधिशासी अभियंता फूलबाग और अन्य इंजीनियर मीटरों की चेकिंग कर रहे थे। करीब 11:55 बजे केस्को एमडी कार से खास बाजार सबस्टेशन के पास पहुंचीं।
पंद्रह मिनट तक एमडी कार में ही बैठकर जायजा लेतीं रहीं। इसके बाद वह कार से उतरीं और चीफ इंजीनियर एके कोहली, अधीक्षण अभियंता विनोद गंगवार समेत अन्य इंजीनियरों के साथ शिवाला मार्केट के अंदर से होते हुए छिन्नमस्ता देवी मंदिर वाली गली में पहुंचीं। यहां उन्हें इलेक्ट्रानिक मीटर लगाए जाने की जानकारी दी गई। इसके बाद वह शिवाला मंदिर के सामने दाएं ओर स्थित चाट मार्केट और चूड़ी मार्केट पहुंचीं। चूड़ी मार्केट में कई दुकानों में पुराने मीटर पाए गए। एमडी ने इन्हें हटवाकर इलेक्ट्रानिक मीटर लगवाने को कहा।
बड़ा चौराहे के पास स्थित एक चाय वाले की दुकान में अंदर लगा मीटर बाहर लगवाने को कहा। इसके बाद वह चाट मार्केट पहुंची। यहां करीब दो सौ दुकानें बिना बिजली कनेक्शन के मिलीं। एक दुकानदार से बिल मांगा गया तो उसने अप्रैल का बिल थमा दिया और दुकान मालिक न होने की बात कही। तीन और दुकानदारों के पास इसी बिल की फोटोकॉपी मिली। इसके बाद उन्होंने मेस्टन रोड की तरफ लगाए जा रहे इलेक्ट्रानिक मीटरों का जायजा लिया।