कानपुर। कर चोरी की आशंका में सोमवार को सेंट्रल जीएसटी की टीमों ने लैमिनेटर कंपनी के तीन प्रतिष्ठानों पर छापा मारा। 26 से ज्यादा अफसरों की टीमों ने कार्रवाई की है। देररात तक टीमें जांच-पड़ताल करती रहीं। शुरूआती जांच में बड़े पैमाने पर कर चोरी के दस्तावेज हाथ लगे हैं। कंपनी प्रतिष्ठित पान मसाला इकाइयों को पैकेजिंग की सप्लाई करती है।
बताया गया कि शाम 6 बजे के करीब तीन अलग-अलग टीमों ने एक्यूमैन लैमिनेटर की रनियां स्थित फैक्टरी के साथ ही आजादनगर स्थित आवास, एमरल्ड स्थित फ्लैट पर छापा मारा। बताया गया कि कंपनी का टर्नओवर काफी है इसके बाद भी कम कर जमा किया जा रहा था। विभाग ने डाटा एनालिसिस और रेकी के बाद कार्रवाई की। जांच के दौरान अफसरों ने मोबाइल फोन, लैपटॉप और कंप्यूटरों को जब्त कर लिया। फैक्टरी में तैयार और कच्चे माल के दस्तावेजों की जांच की। दोनों के स्टाक में अंतर भी मिला है। आवासों पर दस्तावेज मिलने की आशंका पर कार्रवाई की गई है। देर रात तक टीमें जांच पड़ताल करती रहीं।