पुखरायां। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने जिले में संघ की ओर से स्थापित सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल पुखरायां में लोकसभा चुनाव के दौरान केंद्रीय कार्यालय बनाया था। जहां से पांचों विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव प्रचार व्यवस्थित करने की रणनीति तैयार की जाती थी। हालांकि अब स्कूल में शिक्षण कार्य ठप है और भवन भी जर्जर हालत में है। कमरों में भूसा भरा हुआ है।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 1991 में भाजपा के टिकट पर घाटमपुर लोकसभा का चुनाव लड़ने के लिए पुखरायां के सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल में केंद्रीय कार्यालय बनाया था। इसमें पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ चुनावी चर्चा की जाती थी। वहीं से पांचों विधानसभाओं मेें चुनाव अभियान का संचालन किया जाता था।
रामनाथ कोविंद ने राज्यसभा सदस्य बनने के बाद स्कूल में 5 मई को स्थानीय क्षेत्र विकास योजना से निर्मित कराए गए हाल का लोकार्पण भी किया था। उन्होंने स्कूल का संचालन अनवरत जारी रखने और बच्चों के भविष्य को संवारने के लिए इसे मील का पत्थर साबित होने की बात कही थी। कस्बा के लोगों ने बताया कि स्कूल में संस्कार से लेकर बौद्धिक विकास और व्यवसाय तक की शिक्षा दी जाती थी।
यह जिले में संघ का पहला स्कूल था। जिसकी हालत आज खराब है। बच्चों की घटती संख्या के कारण स्कूल लगभग एक दशक से बंद है। रखरखाव के अभाव में बाउंड्री भी ढह गई और भवन खस्ताहाल है। राष्ट्रपति के कार्यक्रम स्थल से स्कूल चंद कदम की दूरी पर है।
इंटर कॉलेज में सिर्फ राष्ट्रपति के लिए बनेंगे तीन हेलीपैड
पुखरायां। राष्ट्रपति के साथ राज्यपाल व मुख्यमंत्री के संभावति आगमन के लिए बनाए जा रहे हेलीपैड के स्थान में फेरबदल किया गया है। राष्ट्रपति के तीन हैलीकॉप्टर जहां इंटर कॉलेज मैदान में ही उतरेंगे वहीं दो अन्य के लिए डिग्री कॉलेज में हेलीपैड बनाया जाएगा। यह निर्देश एडीजी व मंडलायुक्त ने दिए हैं।
राष्ट्रपति के तीन सहित राज्यपाल व मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर उतरने के लिए पुखरायां के आरएसजीयू इंटर कॉलेज में पांच हेलीपैड बनाए जा रहे थे।
मंगलवार की देर शाम निरीक्षण करने पहुंचे एडीजी कानपुर भानु भास्कर, मंडलायुक्त राजशेखर व आईजी मोहित अग्रवाल ने राष्ट्रपति के लिए तीनों हेलीकॉप्टर उतरने के लिए इंटर कॉलेज में ही हेलीपैड बनाने के निर्देश दिए। वहीं राज्यपाल व मुख्यमंत्री के लिए हेलीपैड आरएसजीयू डिग्री कॉलेज के मैदान में बनाने को कहा। जिसके लिए काम शुरू करा दिया गया।
वाहन पार्किंग के लिए दूसरे स्थान की तलाश की जा रही है। कार्यक्रम के लिए बनाए गए नक्से में भी बदलाव किया जा रहा है। सीओ प्रभात कुमार ने बताया कि कस्बे में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है। कस्बा रोड किनारे, पांडाल व हेलीपैड के आसपास के मकान मालिक व दुकानदारों के नाम और मोबाइल नंबर दर्ज किए जा रहे हैं। सभी प्वाइंटों पर पुलिस के सशस्त्र जवान तैनात रहेंगे।
संघ में स्वयं सेवक के रूप में जुड़े रहे राष्ट्रपति
पुखरायां। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद आरएसएस के स्वयं सेवक रहे हैं। आजादी के बाद से पुखरायां में संघ का जिला कार्यालय केशव कृपाधाम के नाम से स्थापित है। कोविंद का हमेशा बैठकों में आना जाना रहता था। जहां जिला प्रचारक की नियुक्ति रहती है। जिला प्रचारक विकास ने बताया कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद संघ के स्वयं सेवक रहे हैं।
संघ के वरिष्ठ प्रचारकों से लेकर जिला टोली तक के पदाधिकारियों से उनका सीधा संपर्क रहता रहा है। पुखरायां में रहकर वह संघ की गुरु दक्षिणा में शामिल होते थे। वह विश्व हिंदू परिषद के संपर्क में भी रहते थे। राज्यसभा सदस्य के समय 2003 में संघ कार्यालय में सबमर्सिबल लगवाकर उसका लोकार्पण भी किया था।