केंद्र सरकार अंगूठा टेक वालों को भी ऑन लाइन ट्रांजेक्शन (कैशलेस) सिस्टम से जोड़ेगी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा है कि उनकी सरकार ऐसे लोगाें के लिए जल्द ही नई योजना शुरू करने जा रही है। शुक्रवार को नोट बंदी से व्यापारियों को हो रही परेशानी की जानकारी पीएम को देने दिल्ली पहुंचे उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्याम बिहारी मिश्र ने बताया कि प्रधानमंत्री सिर्फ पढ़े लिखे ही नहीं, देश के हर व्यक्ति को ऑन लाइन सिस्टम के खांचे में लाने को कटिबद्घ हैं।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से मोदी ने कहा कि वह देश भर के व्यापारियों, नगर निकाय क्षेत्र में रहने वालों को कैशलेस सिस्टम से जुड़ने के लिए प्रेरित करें। उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने बताया कि पीएम मोदी ने कहा है कि कैशलेस सिस्टम से जुड़ने में जिन लोगों को दिक्कत हैं, उसका केंद्र सरकार को बखूबी पता है। नोटबंदी की घोषणा से पहले ही इस दिशा में काम शुरू हो गया है। जल्द ही देश भर के अनपढ़ और अशिक्षित लोगों को भी कैशलेस व्यवस्था से जोड़ने का प्रयास शुरू हो जाएगा। श्याम बिहारी ने पीएम के सामने व्यापारियों को बैंकों में ट्रांजेक्शन के लिए अलग से दो घंटे का समय देने सहित कई मांगें रखीं।
पीएम मोदी के सामने रखी यह मांगे
व्यापारियों से 50 हजार की लिमिट हटाई जाए।
500 और 100 के नोट ज्यादा उपलब्ध कराए जाएं
बुआई सीजन में किसानों को खाद बीज उपलब्ध कराने की दिक्कत को दूर किया जाए
कैशलेस ट्रांजेक्शन के लिए व्यापारियों को एक साल का समय दिया जाए