लंबे इंतजार के बाद सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) का 10वीं और 12वीं का परिणाम मंगलवार को घोषित हो गया। 10वीं में सर पदमपत सिंहानिया एजुकेशन सेंटर के आधार खरे और एलेन हाउस पब्लिक स्कूल की आफरा अली ने 99.2 फीसदी अंकों के साथ सिटी टॉप किया।
अमूमन 98-99 फीसदी अंक आने पर बच्चे और उनके अभिभावक व शिक्षक बेहद खुश हो जाते हैं, वहीं सीबीएसई 10वीं की परीक्षा में 99.2 फीसदी अंक पाकर भी कानपुर के छात्र आधार खरे फूट-फूट कर रोए। सर पदमपत सिंहानिया स्कूल के छात्र आधार ने सिटी टॉप किया है।
विज्ञापन
रोते हुए कभी वह अपनी मां के गले लगते तो कभी अपने शिक्षक के। सभी ने समझाया तो आधार बोला नंबर अच्छे हैं, थोड़े और आ जाते तो और अच्छा लगता।
काफी समझाने पर आधार अंकों से सहमत नजर आए।
केशवपुरम निवासी आधार के पिता फार्मा कंपनी में रीजनल मैनेजर और मां नुपुर खरे होममेकर हैं। आधार कहते हैं कि मेरा कंपटीशन खुद से ही रहा है। पहले अपने लिए 97 और फिर 98 फीसदी अंक लाने का लक्ष्य तय किया था।
आधार कहते हैं कि वह काफी बेहतर कर सकते थे, लेकिन पैटर्न बदलाव की वजह से इस बार पेपर थोड़ा कठिन आए थे। हर बार पिछले वर्षों के पेपर से पूछा जाता था, इस बार ऐसा नहीं हुआ।
विज्ञापन
12वीं के लिए वह अभी से काफी तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनका हिंदी विषय काफी कमजोर था, जिस पर काफी मेहनत की है। वह आठवीं के बाद से पढ़ाई के लिए गंभीर हुए और फिर निरंतरता बनाए रखी। अंग्रेजी 98, हिंदी 95, गणित 99, साइंस 100, एसएसटी में 99 अंक हैं।
12वीं में आशुतोष और मुद्रा, 10वीं में आधार व आफरा बने सिटी टॉपर
लंबे इंतजार के बाद सेंट्रल बोर्ड ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (सीबीएसई) का 10वीं और 12वीं का परिणाम मंगलवार को घोषित हो गया। 10वीं में सर पदमपत सिंहानिया एजुकेशन सेंटर के आधार खरे और एलेन हाउस पब्लिक स्कूल की आफरा अली ने 99.2 फीसदी अंकों के साथ सिटी टॉप किया। 12वीं में डीपीएस कल्याणपुर के आशुतोष जालान और सनातन धर्म एजुकेशन सेंटर की मुद्रा शुक्ला ने शहर टॉप किया है। दोनों को 99.2 फीसदी अंक मिले हैं।
12वीं में सर पदमपत सिंहानिया एजुकेशन सेंटर की अनन्या वाजपेयी 98.80 फीसदी अंक के साथ शहर में दूसरे और डीपीएस आजादनगर के उत्कर्ष झा 98.60 फीसदी अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, एलेन हाउस खलासी लाइन की आद्या अग्रवाल 98.40 फीसदी अंक के साथ चौथे और केडीएमए की वान्या आनंद, सर पदमपत सिंहानिया के यशप्रीत सिंह 98 फीसदी अंक के साथ शहर में पांचवें स्थान पर रहे।
10वीं में सर पदमपत सिंहानिया एजुकेशन सेंटर के केशव द्विवेदी 98.6 फीसदी अंक के साथ शहर में दूसरे स्थान पर रहे। डीपीएस कल्याणपुर की शार्वी, यहीं की आकर्षिता निगम व डीपीएस आजादनगर की शिप्रा मिश्रा 98.4 फीसदी अंक के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। सर पदमपत सिंहानिया एजुकेशन सेंटर के योहांश डोभाल और सनातन धर्म एजुकेशन सेंटर के कार्तिकेय सिंह 98.2 फीसदी अंक के साथ चौथे स्थान पर रहे।
इसी तरह डीपीएस बर्रा के शुभ चौहान, डीपीएस कल्याणपुर की अभदिजा सोलंकी, नमन कटियार, प्रताप इंटरनेशनल स्कूल के अनुशिक अग्निहोत्री, आर्मी पब्लिक स्कूल के हर्षवर्धन सिंह 98 फीसदी अंक के साथ शहर में पांचवें स्थान पर रहे।