व्यापम घोटाले में सीबीआई ने अपनी सक्रियता फिर बढ़ा दी है। सीबीआई अधिकारियों की एक टीम ने कानपुर विश्वविद्यालय और एचबीटीयू में छापा मारकर कुछ फाइलों की जांच की है। साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन से भी पूछताछ की। मेडिकल कालेज प्रशासन को भी जारी निर्देश में कहा है कि मेडिकल कालेज के 10 और छात्र इस घोटाले में संदिग्ध हैं, उन सभी का ब्योरा तत्काल दिया जाए।
व्यापम घोटाले में कानपुर मेडिकल कालेज के 25 से ज्यादा पूर्व और वर्तमान छात्र गिरफ्तार हो चुके हैं। इनमें सर्वाधिक 2014 बैच के हैं। अधिकतर जमानत पर हैं। इसके अलावा 75 छात्रों को नोटिस देकर पूछताछ के लिए बुलाया जा चुका है। इनसे कई बार पूछताछ हो चुकी है। एचबीटीयू का प्रोडक्ट रहा शिवहरे भी इसी केस में वांछित रहा। कानपुर विश्वविद्यालय के भी कई छात्र जांच के घेरे में हैं लेकिन अभी कोई पकड़ में नहीं आया। अब मेडिकल कालेज के 10 और छात्रों का नाम आने से हड़कंप मचा है।