माखी थाने में सीबीआई की टीम (फाइल फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
दुष्कर्म के आरोपी भाजपा विधायक कुलदीप सेंगर प्रकरण में सीबीआई की टीम शुक्रवार को सर्च वारंट लेकर उन्नाव जिले के माखी थाने पहुंची। इस दौरान सीबीआई ने दरोगा केपी सिंह के कमरे का ताला तोड़कर कई घंटे तलाशी ली। तलाशी में कई अहम कागजात के अलावा एक अवैध तमंचा भी मिला है। सीबीआई इंस्पेक्टर ने माखी थाने में दरोगा के खिलाफ आर्म्स एक्ट का मुकदमा दर्ज कराया है। सीबीआई की इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में खलबली मच गई है।
भाजपा विधायक कुलदीप सेंगर प्रकरण की जांच कर रही सीबीआई की पांच सदस्यीय टीम शुक्रवार दोपहर माखी थाने पहुंची। थाने पहुंचकर सीबीआई इंस्पेक्टर राकाकांत तिवारी ने माखी एसओ जावेद अख्तर को एक महीने पहले गिरफ्तार कर जेल भेजे गए माखी थाने के दरोगा कामता प्रसाद सिंह के कमरे (सरकारी क्वार्टर) की तलाशी का सर्च आर्डर दिखाया।
इसके बाद थाना पुलिस की मौजूदगी में दरोगा के कमरे में बंद ताला तोड़कर तलाशी शुरू की गई। कमरे में बिस्तर, तख्त, कपड़े, कई फाइलें, तमाम कागजात मिले। सीबीआई ने कई घंटे तक पड़ताल की और कुछ कागजात कब्जे में लिए। तलाशी के दौरान ही कमरे की एक अलमारी में कागजों के नीचे छिपाकर रखा गया एक 315 बोर का तमंचा भी मिला है।