उन्नाव के हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के हसनापुर में मंगलवार सुबह पांच गोवंशों के अवशेष खेतों में पड़े मिले। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने आनन फानन में जेसीबी से गड्ढा खोदवाकर उन्हें जमीन में दफन करा दिया। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ गोवध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के हसनापुर गांव निवासी रामकुमार की बाग में मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने गोवंश के अवशेष पड़े देखे थे। उन्होंने पुलिस को इसकी सूचना दी। ग्रामीणों के अनुसार मवेशियों का वध कर तस्कर मांस उठा ले गए थे जबकि अवशेष को बाग में ही फेंक दिया था।
कोतवाली प्रभारी धर्मवीर सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने गोवंशियों के अवशेषों का पोस्टमार्टम करानेके बाद जेसीबी से गड्ढा खोदवाकर जमीन में दफन करा दिया। कोतवाली प्रभारी धर्मवीर ने बताया कि पांच मवेशियों के सिर बरामद हुए थे।
अज्ञात लोगों के खिलाफ गोवध अधिनियम की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं हसनगंज के फरीदीपुर निवासी किसान रामप्यारे के दो बैल सोमवार रात चोरी हो गए थे। मंगलवार सुबह जब उसे मवेशियों के अवशेष मिलने की सूचना मिली तो वह घटनास्थल पर पहुंचा। जहां बैलोें की नाक में पड़ी रस्सी से उसने उनकी पहचान की।