यूपी के फर्रुखाबाद जिले में कानपुर-कासगंज रेलवे ट्रैक पर जिला जेल के पास कोटा-पटना एक्सप्रेस ट्रेन से छह गोवंश टकरा गए। इससे ट्रेन वहां करीब 15 मिनट खड़ी रही। बाद में आगे को रवाना हो गई।
कानपुर-कासगंज ट्रैक पर शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे कानपुर की ओर जा रही कोटा-पटना एक्सप्रेस ट्रेन जिला जेल चौराहे से गुजर रही थी। तभी छह गोवंश ट्रेन से टकरा गए। इससे चार अन्ना गायों की मौत हो गई और एक सांड़ व बछड़ा घायल हो गया।
गनीमत रही कि उस समय ट्रेन अधिक स्पीड में नहीं थी। चालक ने एकदम ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया। इससे यात्री घबरा गए। ट्रेन कुछ देर वहां खड़ी रही। गायों के शवों को ट्रैक से हटाए जाने के बाद ट्रेन आगे रवाना हो सकी। अन्ना गायों के कटने की सूचना मिलने पर नंदी सेना प्रमुख विक्रांत अवस्थी अपनी टीम के साथ जिला जेल के पास गुजरे रेलवे ट्रैक पर पहुंचे।
मौके पर चार गायें ट्रैक किनारे मरी पड़ी थीं और एक सांड़ व एक बछड़ा जख्मी हालत में था। नंदी सेना प्रमुख का कहना है कि उन्होंने उप जिलाधिकारी सदर और पशु चिकित्सकों को सूचना दी लेकिन कोई भी मौके पर नहीं आया। पशु अस्पताल बढ़पुर जाकर वह कंपाउंडर को मौके पर लेकर आए और घायल सांड़ व बछड़े का इलाज करवाया। क्रेन मंगवाकर शवों को किनारे करवाया गया।