यूपी के बांदा जिले में एक बिल्ली की धमाचौकड़ी युवक के लिए मौत लेकर आई। तिंदवारी थाना क्षेत्र के धौंसड़ गांव में राकेश (36) पुत्र शिवदत्त मंगलवार को दोपहर घर में चारपाई पर सो रहा था। तभी बिल्ली की धमाचौकड़ी से दीवार के ऊपर रखीं ईंटें उसके सिर पर आ गिरीं।
परिजन गंभीर हालत में उसे तिंदवारी पीएचसी ले गए। डाक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। यहां ट्रामा सेंटर में डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
भाई बंदे सिंह ने बताया कि मृतक राकेश पठानकोठ स्थित एक कंपनी में फोरमैन था। एक माह पूर्व वह गांव लौटा था। उसके नाम ढाई बीघा जमीन है। पत्नी अर्पिता और दो पुत्रियां हैं। यह भी बताया कि दीवार में बने बयालों से बिल्ली अक्सर कमरे में घुस आती थी। इस पर उसने उनमें ईंटें भर दी थीं। यहीं ईंटें उसकी मौत का कारण बन गईं।