इकदिल। चोरों ने आंबेडकर नगर में शनिवार रात मजदूर के घर से 1.90 लाख रुपये की नकदी और तीन लाख कीमत के जेवरात पार कर दिए। मजदूर प्लाट बेचकर खेत में दूसरे मकान का निर्माण करवा रहा है। काम के चलते वह परिवार समेत निर्माणाधीन मकान में सो गया। चोरों ने मौके का फायदा उठाकर उसके गांव में बने मकान में चोरी की वारदात कर दी।
कस्बा इकदिल स्टेशन रोड पर आंबेडकर नगर मोहल्ला निवासी साहिल गोयल खेती व मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता है। वह प्लाट बेचकर खेत में दूसरे मकान का निर्माण करवा करा था।
शनिवार शाम को साहिल गोयल ने परिवार के साथ खेत पर बन रहे नए मकान पर शटरिंग लगवाने का काम करा रहा था। देर रात हो जाने पर दादी और मां समेत अन्य परिवारों के साथ निर्माणाधीन मकान में ही सो गया। रविवार सुबह घर आया तो अंदर कमरे में रखे चार बक्सों के ताले टूटे और समान बिखरा पड़ा था।
इससे उसके और परिजनों के होश उड़ गए। चोरों ने बक्सों से रखे करीब तीन लाख कीमत के जेवरात और 1.90 लाख की नकदी पार कर ले गए। पीड़ित की सूचना पर पुलिस ने पहुंचकर जांच की। थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान ने बताया कि तहरीर पर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। जल्द ही चोरों को पकड़कर माल बरामद किया जाएगा।