रसूलाबाद। सरकार की ओर से 17 मई तक कोरोना कर्फ्यू बढ़ाए जाने की जानकारी पर लोगों की भीड़ धन निकासी के लिए बैंकों में उमड़ी। घंटे भर लाइन में लगने के बाद कैश नहीं होने की जानकारी दी गई। इससे लोगों में नाराजगी नजर आई।
कोरोना संक्रमण का ग्राफ कम नहीं हो रहा है। इस पर शासन की ओर से 17 मई तक कोरोना कर्फ्यू बढ़ा दिया गया है। जानकारी के बाद कस्बा सहित क्षेत्र के लोगों की भीड़ बैंकों में उमड़ी। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखा में काफी देर लाइन में खड़े होने के बाद भी ग्राहकों को कैश नहीं मिल सका।
बैंक में कैश जमा कम और निकासी ज्यादा होने से यह दिक्कत आ रही है। कस्बा के धीरज, रवि, पुनीत मिश्रा आदि का कहना है कि करीब एक सप्ताह से वह बैंक के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन कैश नहीं निकल रहा है।
सोमवार को दोपहर बाद तक बैंक में भीड़ लगी रही। इसके बाद भी उपभोक्ताओं को कैश नहीं मिल सका। शाखा प्रबंधक आरके कोहली का कहना है कि कर्फ्यू लगने के बाद बैंक में कैश जमा नहीं हो रहा है। वहीं धन निकासी करने वालों की संख्या ज्यादा रहती है। इससे दिक्कत आ रही है। अफसरों से बात कर समस्या का समाधान किया जाएगा।