कानपुर। नरवल क्षेत्र के दीपापुर गांव में ग्राम समाज की जमीन पर अतिक्रमण हटाने के दौरान नायब तहसीलदार से अभद्रता कर जमकर हंगामा करने में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। लेखपाल सत्येंद्र सिंह की तहरीर पर दो नामजद छविनाथ और संदीप समेत 12 अज्ञात के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने समेत अन्य गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस वीडियो और फोटो के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है।
दीपापुर गांव में शनिवार शाम ग्राम समाज की जमीन से कब्जा हटाने पहुंची राजस्व और पुलिस टीम को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा था। निर्माण कार्य गिराने के दौरान महिलाओं और युवतियों ने ईंटें हाथ में लेकर टीम के आगे मोर्चा खोल दिया था। भीड़ में शामिल एक युवक ने नायब तहसीलदार अजय प्रकाश सिंह का हाथ पकड़कर उन्हें घसीटा और गालीगलौज की। करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई की।
प्रधानपति हीरालाल ने आरोप लगाया कि गांव में तीन फीट रास्ते को लेकर पहले से विवाद था। राजस्व टीम ने बिना पूर्व सूचना के रामनारायण पाल, संदीप पाल समेत तीन लोगों की बाउंड्री जेसीबी से गिरा दी। एसडीएम नरवल सत्यपाल प्रजापति ने बताया कि ग्रामसभा की भूमि पर अवैध कब्जे को लेकर कई बार रोका गया था, इसके बावजूद चोरी-छिपे निर्माण हो रहा था।
........
बबूल के पेड़
काट-काटकर बसे
बुजुर्गों ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को बताया कि जिस स्थान पर आज अतिक्रमण लेकर हंगामा हो रहा है। कई साल पहले वहां जंगल था। बबूल के पेड़ काट-काटकर सरकारी भूमि पर कब्जा किया।
.........