डेरापुर। एसपी के आदेश पर थाना पुलिस ने कस्बे के कबीरनगर वार्ड में 28 दिन पूर्व कूड़ा डालने को लेकर हुए विवाद मामले में एक अज्ञात सहित पांच लोगों पर घर में घुसकर मारपीट व डकैती की रिपोर्ट दर्ज की है।
कस्बे के कबीर नगर वार्ड निवासी राघुवेंद्र सिंह एडवोकेट ने एसपी को शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया था कि उसके पड़ोसी दिनेश कुमार 21 जून को उसके घर के पास कूड़ा डाल रहे थे। जब उसने विरोध किया तो झगड़े पर आमादा हो गए।
उसी शाम करीब सात बजे दिनेश कुमार, ललपुरवा निवासी कौशलेंद्र, आमोद, पलिया निवासी रजत व एक अज्ञात साथी लाठी डंडे लेकर घर में घुस आए और मारपीट करने लगे। मारपीट के दौरान घर में रखा सामान व नगदी जबरन उठा ले गए।
थाना प्रभारी आलोक सिंह ने बताया कि एसपी के आदेश पर पर पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच की जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)