कानपुर में बर्रा के न्यू श्याम बिहार कॉलोनी निवासी दरोगा राकेश कुमार के बेटे ऋषभ उर्फ रोमी (22) की हत्या के मामले में पुलिस हत्यारों के करीब पहुंच गई है। कॉल डिटेल में शक के घेरे में आए तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
दो संदिग्धों ने मोबाइल पर ऋषभ से बात की थी, जबकि एक ऋषभ की ओर से दी गई पार्टी में शामिल हुआ था। हालांकि मामले की जांच में लगी पांचों टीमें अभी हत्या की असल वजह नहीं पता कर पाई हैं। हत्यारों ने गुरुवार को ऋषभ का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी थी।
शव सचेंडी के किसान नगर में मिला था। पोस्टमार्टम में गला दबाकर हत्या की पुष्टि हुई थी। दरोगा ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण, हत्या, और शव छिपाने की धारा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। डीसीपी साउथ/ट्रैफिक संकल्प शर्मा ने हत्या के खुलासे के लिए सर्विलांस के साथ पुलिस की पांच टीमें लगाई हैं।