कानपुर कार्डियोलॉजी समिट में कार्डियोलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय त्यागी ने कहा कि हार्टअटैक साइलेंट नहीं होता। हार्ट अटैक के संकेत अलग-अलग तरीके के हो सकते हैं। इन्हें पहचान लिया जाए तो जान बच जाएगी। उन्होंने कहा कि अपच महसूस होना भी हार्ट अटैक का एक संकेत है। इससे तुरंत जांच करा लेनी चाहिए।
एलपीएस कार्डियोलॉजी इंस्टीट्यूट के बैनर तले कानपुर कार्डियोलॉजी समिट का आयोजन कैंट में किया गया। इसमें 11 सत्रों में 40 व्याख्यान हुए। मुख्य अतिथि डॉ. त्यागी ने बताया कि देश में हर चौथा व्यक्ति हाई ब्लड प्रेशर की गिरफ्त में है।
कानपुर कार्डियोलॉजी समिट
- फोटो : अमर उजाला
इसे नियंत्रित करके हार्ट अटैक, पक्षाघात, गुर्दा फेल आदि गंभीर रोगों से बचा जा सकता है। इस मौके पर कार्डियोलॉजी इंस्टीट्यूट के निदेशक प्रोफेसर आरके वर्मा, कार्डियोलॉजी विभागाध्यक्ष डॉ. उमेश्वर पांडेय, प्रोफेसर डॉ. अवधेश कुमार शर्मा, डॉ. अमित कुमार आदि मौजूद रहे।
टिप्स
- मोटे अनाज का सेवन करें, कोलेस्ट्राल कम करता है।
- देसी घी की तुलना में वनस्पति घी अधिक नुकसानदेह।
- बार-बार खौलाए गए तेल, घी का सेवन न करें, इसमें ट्रांसफैटी एसिड होता है।
- ब्लड प्रेशर बढ़े तो तो एक बार गुर्दे की जांच जरूर कराएं।
- प्रतिदिन 40-50 मिनट हल्का व्यायाम करें जिससे पसीना निकल आए।
- चलने में सांस फूले, बैठे रहने पर छाती में भारीपन लगे तो जांच करा लें।