बसरेहर (इटावा)। कार सवार बदमाशों ने बरालोकपुर पशु मेला बाजार के पास बाइक सवार फार्मा कंपनी के मैनेजर व एमआर को रोक कनपटी पर तमंचा लगा दिया।
जान से मारने की धमकी देते हुए 20 हजार नकदी, दवाइयों से भरा बैग, दोनों के मोबाइल समेत बाइक की चाबी छीन ली। पीड़ितों ने राहगीरों के फोन से पुलिस ओर घरवालों को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच आसपास के लोगों से पूछताछ की। वहीं, घटना के 24 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस अभी तक बदमाशों का सुराग नहीं लगा सकी है।
फार्मा कंपनी के एमआर अतुल मिश्रा ने बताया कि वह कंपनी के मैनेजर अभिषेक गुप्ता के साथ क्षेत्र में डॉक्टरों से मिलने गए थे। शनिवार शाम लगभग साढ़े सात बजे मैनपुरी के किश्नी से बाइक से लौट रहे थे। आठ बजे के करीब बरालोकपुर गांव के पशु मेला बाजार के पास पीछे से आई बिना नंबर की सफेद कार बाइक के आगे लगा दी। कार से उतरे लोगों ने दोनों के कनपटी पर तमंचा लगा दिया। दोनों के मोबाइल छीन लिए।
अभिषेक गुप्ता से पांच हजार व अतुल मिश्रा से 15 हजार नकदी समेत 20 हजार व दवाइयों से भरा बैग लूट लिया। जाते समय बाइक की चाबी भी निकाल ले गए। पीड़ितों ने राहगीरों से मदद मांगी, उनके मोबाइल से घरवालों को फोन किया। मौके पर पहुंचे घरवालों ने 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी। यूपी 112 पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच-पड़ताल की। इसके बाद बाइक को वहीं पास की दुकान पर खड़ी कर घरवालों के साथ घर चले गए। रविवार सुबह दोनों ने लिखित तहरीर दी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
- -
बरालोकपुर क्षेत्र में लूट की घटना की जानकारी नहीं है। अगर ऐसा है तो एसएचओ से पूछताछ कर आसपास क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जाएंगे। जल्द ही आरोपियों को पकड़कर घटना का पर्दाफाश किया जाएगा। -पहुप सिंह, सीओ