रूरा (कानपुर देहात)। डेरापुर-रूरा मार्ग में चिलौली गांव के पास बृहस्पतिवार सुबह 11 बजे के करीब कार व ऑटो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। जिसमें ऑटो सवार छात्र समेत दो की मौके पर मौत हो गई जबकि पांच गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने एंबुलेंस से सभी घायलों को रूरा सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से सभी को अकबरपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
बृहस्पतिवार सुबह एक ऑटो सवारियां लेकर डेरापुर की ओर जा रहा था। चिलौली गांव के पास पहुंचने पर सामने से आ रही कार ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से अस्पताल भिजवाया। हादसे में मल्लहानपुरवा निवासी गुड्डू के पुत्र दानिश (12), इटावा जिले के भरथना निवासी राजेश के पुत्र अंकित (19) की मौके पर मौत हो गई।
वहीं, ऑटो चालक धर्मेंद्र (25) निवासी गहोबा, संजीव (44) निवासी भरथना, आसिफ (14), सलीम (20) और रहमत (60) निवासी खागा फतेहपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद डेरापुर मार्ग पर जाम लग गया। पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सामान्य कराया। थानाध्यक्ष सुधीर भारद्वाज ने बताया कि दोनों वाहनों को थाने में खड़ा किया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
..................
इकलौते बेटे की मौत से बदहवास रहे दानिश की परिजन
मल्लहानपुरवा निवासी अशरफ खान ने बताया कि दानिश उनका नाती है। वह कक्षा चार में पढ़ता था। बताया कि बेटी गुलशन शादी के बाद से पति गुड्डू के साथ गांव में रह रही थी। इधर मां गुलशन इकलौते बेटे दानिश की मौत से बदहवास रही। नाना व नानी जाफरा बेगम बिलखते रहे।
.........................
रिश्तेदार के साथ मौसी के घर जा रहा था दानिश
दानिश के नाना अशरफ ने बताया कि खागा फतेहपुर निवासी रिश्तेदार रहमत (60), आसिफ (14), सलीम (20) के साथ बुधवार को घर आए थे। बृहस्पतिवार सुबह वह लोग नाती दानिश के साथ रूरा से ऑटो में सवार होकर बड़ी बेटी सुबीना की ससुराल प्रयागपुर मंगलपुर जा रहे थे। दानिश की मौत ने परिवार को जिंदगी भर का गम दे दिया।
.........................
रूरा आने पर मिली बेटे की मौत की खबर
इटावा जिले के भरथना निवासी राजेश का बेटा अंकित बृहस्पतिवार को ट्रेन से रूरा स्टेशन पहुंचा। यहां से उसे डेरापुर थाना क्षेत्र के सब्दलपुर ननिहाल जाना था। रूरा चौराहे से वह ऑटो पर सवार हुआ था। उसके हादसे में घायल होने की जानकारी पुलिस ने परिवार के लोगों को दी। अनहोनी की जानकारी पर दोपहर बाद मां गीता देवी, छोटे भाई आशीष, आयुष व अन्य परिजन रूरा पहुंचे। यहां आने पर बेटे की मौत की जानकारी हुई तो सभी बदहवास हो गए। पुलिस कर्मियों ने परिजन को ढांढस बंधा कर संभाला।
...................
तीव्र मोड़ पर नहीं लगे संकेतक
ऑटो व कार की भिड़ंत के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लग गई। कुछ लोग कार चालक की गलती बताते रहे तो कुछ ने ऑटो में क्षमता से अधिक सवारी बैठाकर चलने की वजह से हादसा होना बताया। इधर मौजूद स्थानीय लोगों ने बताया कि 14 जून को इसी डेरापुर-रूरा मार्ग में चिलौली गांव से पहले बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में रूरा के हसनापुर निवासी डिलीवरी बॉय सूर्यभान (32) व शिवली थानाक्षेत्र के बलुआपुर निवासी कमल दोहरे (33) की मौत हो गई थी। इतने बड़े हादसे के बाद भी जिम्मेदारों ने कोई संकेतक नहीं लगवाए। इस मार्ग के तीव्र मोड़ व हादसे वाली जगहों सुरक्षा के इंतजाम किए जाने चाहिए।
.................
तेज झटका लगा और बंद हो गई आंख
ऑटो में सवार भरथना निवासी संजीव कुमार ने अस्पताल में होश आने के बाद बताया कि वह रूरा से ऑटो में बैठकर परौंख जा रहे थे। ऑटो में चालक समेत कुल सात लोग सवार थे। चिलौली के पास कब कार आकर टकरा गई पता नहीं चला। सिर्फ तेज झटका लगा और आंख बंद हो गई। इसके बाद सभी सड़क पर पड़े नजर आए। होश आया तो अस्पताल में थे। बताया कि यदि ऑटो में सात लोग न होते तो शायद चालक ब्रेक लगाकर ऑटो रोक लेता।