आगरा लखनऊ एक्स्प्रेस वे पर कार एक्सीडेंट में पति पत्नी घायल
- फोटो : अमर उजाला
इटावा के बसरेहर में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर सैफई थाना क्षेत्र के गांव नगला बरी के पास शनिवार की सुबह एक तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में कार सवार दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए।
उन्हें पीजीआई में भर्ती कराया गया है। गाजियाबाद के नेहरू गार्डन खोडा कालोनी निवासी अरुण कुमार पांडे अपनी पत्नी तरुणा पांडे के साथ अपनी कार से किसी काम से लखनऊ गए थे। वापस गाजियाबाद लौटते समय एक्सप्रेस-वे पर सैफई थाना क्षेत्र के गांव नला बरी के पास दूसरी कार को ओवरटेक करने के प्रयास में उनकी कार अनियंत्रित हो गई।
कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई, जिससे कार सवार दंपति घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। सूचना पर यूपीडा की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायलों को पीजीआई में भर्ती कराया। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त कार को हटवाकर रास्ता साफ कराया।