रनियां क्षेत्र के किशरवल रोड हाईवे कट पर गत सोमवार की देररात डीसीएम ट्रक
के अचानक लेन बदलने से एक तेज रफ्तार कार उसके फ्यूल टैंक में जा घुसी।
भीषण टक्कर से दोनों वाहनों में आग लग गई।
इससे कार सवार एक ही परिवार के
पांच लोग जिंदा जल गए। गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को कानपुर के हैलट
अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। उधर, डीसीएम ट्रक चालक और क्लीनर मौके से
फरार हो गए।
इलाहाबाद के हंडिया तहसील के चंदनहा गांव निवासी अविनाश
कुमार पांडेय (27) पत्नी मीना उर्फ रिंकी (24) पांडेय व बच्चे आयुष (6),
आरुषी (3) अपने भतीजे शिवम् पांडेय (20) व चचेरे भाई सूरज पांडेय उर्फ
राहुल (23) के साथ कार से इलाहाबाद से मुंबई जा रहे थे।
सोमवार की रात डेढ़
बजे उनकी कार कानपुर देहात जिले के रनियां हाइवे पर पहुुंची। बताया गया है
कि कार के आगे एक भूसी लदा डीसीएम ट्रक चल रहा था।
क्षेत्र के किशरवल रोड
के हाइवे कट के पास डीसीएम चालक ने अचानक लेन बदल दिया। जिससे पीछे चल रही
तेज रफ्तार कार डीसीएम ट्रक के फ्यूल टैंक में जा घुसी। टक्कर होते ही
फ्यूल टैंक फट गया और कार डीजल से पूरी तरह नहा गई।
देखते ही देखते कार
आग का गोला बन गई। कार सवार लोग आग की लपटों में घिर गए। कार में फंसे छह
लोग खिड़कियां न खुलने से जलते रहे। किसी तरह अविनाश कार से निकल पाया,
लेकिन पांच अन्य लोग जिंदा जल गए।
स्थानीय लोगों ने हाईवे एंबुलेंस को
सूचना दी। हाईवे एंबुलेंस ने घायल अविनाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
हालत गंभीर होने पर कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया। जहां उसकी हालत
गंभीर बताई जा रही है।
जलती कार के अंदर से बच्चे, महिला और दो युवक सभी बचाने की गुहार लगा रहे
थे।
लोग भीषण आग के आगे लोग बेबस थे। कार के अंदर से निकलती बेबस चीखों को
सुनकर मौके पर मौजूद लोगों के आंसू छलक पड़े। अविनाश की पत्नी मीना उर्फ
रिंकी कार की खिड़कियों के शीशे में हाथ मारती रही, और बच्चे आयुष व आरुषि
एक दूसरे से चिपक गए थे।
दोनों बच्चे रोते चीखते रहे। आग इतनी भीषण थी कि
कार में सवार पत्नी मीना उर्फ रिंकी और भतीजा शिवम और चचेरा भाई सूरज उर्फ
राहुल पूरी तरह जलकर चुके थे।
अग्निशमन अधिकारी शिवदरस प्रसाद ने बताया कि भूसी से लगी आग को काबू करने में तीन घंटे का समय लगा है। रनियां
चौकी इंचार्ज दिनेश कुमार यादव ने बताया कि डीसीएम और जली कार के कब्जे में
ले लिया गया है। शवों पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
अकबरपुर थानाध्यक्ष
अखिलेश यादव ने बताया परिजन विनोद कुमार पांडेय की तहरीर पर डीसीएम व चालक
के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। चालक फरार है उसकी गिरफ्तारी के
प्रयास किए जा रहे हैं।