यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा में भी इस बार कोविड गाइड लाइन का पालन किया जाएगा। परीक्षार्थी दो गज दूरी पर बैठाए जाएंगे। इससे परीक्षार्थी कम होने के बावजूद परीक्षा केंद्रों की संख्या पिछले वर्ष की अपेक्षा बढ़कर 70 से 75 हो सकती है। डीआईओएस भगवत पटेल ने बताया कि केंद्रों के सत्यापन का काम तेजी से चल रहा है।
तीन-चार वर्षों के आंकड़े देखें तो परीक्षा केंद्रों की संख्या घटी है। वर्ष 2018 में 67, वर्ष 2019 में 63 केंद्रों और वर्ष 2020 में 57 केंद्र बनाए गए थे। इस बार कोरोना संक्रमण के मद्देनजर परीक्षार्थियों को 180 सेंटीमीटर की दूरी पर बैठाया जाएगा। इससे 70 से 75 परीक्षा केंद्र बनाने की तैयारी है।
पिछली बार एक केंद्र पर 300 से 1200 तक परीक्षार्थी बैठाए गए थे किंतु इस बार 150 से 800 ही बैठाए जाएंगे। इस बार हाईस्कूल और इंटर में मिलाकर करीब चालीस हजार परीक्षार्थी हैं। डीआईओएस ने बताया कि केंद्रों पर परीक्षार्थियों के साथ परीक्षकों की भी जांच होगी। परीक्षकों को परीक्षा से पूर्व मेडिकल रिपोर्ट केंद्र संचालक को देनी होगी। बीमारी से प्रभावित शिक्षक को परीक्षक नहीं बनाया जाएगा। कालेजों में सैनेटाइजिंग की भी सुविधा रहेगी। तीन चार केंद्रों के बीच में एक हेल्थ डेस्क बनेगी।
26 तक पूरा होना है सत्यापन
238 स्कूलों ने केंद्र बनाने के लिए आवेदन किया है। इसमें 20 विद्यालय पहले दौर में बाहर कर दिए गए। अन्य का तहसीलवार सत्यापन किया जा रहा है। टीम में तहसीलदार, डीआईओएस कार्यालय के प्रतिनिधि और आरईएस विभाग के जेई शामिल हैं। सत्यापन का 26 दिसंबर तक पूरा होना है।
लगातार घट रहे यूपी बोर्ड के परीक्षार्थी
वर्ष हाईस्कूल इंटरमीडिएट कुल परीक्षार्थी
2018-19 25059 22556 47615
2019-20 22264 20117 42381
2020-21 20951 20065 40116