कानपुर देहात। जनपद में रविवार को पीईटी (प्रारंभिक अर्हता )परीक्षा छह केंद्रों पर कराई गई। दो पालियों में सीसीटीवी की निगरानी में परीक्षा हुई। तर्क शक्ति व भूगोल के प्रश्न कठिन रहे। इन्हें हल करने में अभ्यर्थी उलझे रहे। दोनों पालियों में कुल 2954 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
अकबरपुर महाविद्यालय, आरपीएस इंटर कॉलेज रूरा, श्रीकृष्ण औद्योगिक इंटर कॉलेज मोहम्मदपुर, श्रीमालवीय इंटर कॉलेज मुंगीसापुर, श्रीरामस्वरूप ग्रामोद्योग इंटर कॉलेज पुखरायां व विवेकानंद राष्ट्रीय इंटर कॉलेज अहरौली शेख परीक्षा केंद्रों पर सुबह पाली में 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर में तीन बजे से शाम पांच बजे तक परीक्षा कराई गई। गेट पर ही अभ्यर्थियों की तलाशी ली गई। इसके साथ ही सीसीटीवी की निगरानी में परीक्षा हुई।
जिलाधिकारी कपिल सिंह ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने कंट्रोल रूम में सीसीटीवी की सक्रियता जांची। स्ट्रांग रूम भी देखा। सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं केंद्र व्यवस्थापकों को उन्होंने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य आदि रहे। दोनों पालियों में परीक्षा सकुशल कराई गई। छह केंद्रों पर कुल 4848 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से कुल 2994 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। सुबह पाली में 1467 और दोपहर की पाली में 1487 अभ्यर्थी उपस्थित रहे। जबकि सुबह की पाली में 957 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। दोपहर की पाली में 937 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दोनों पालियों में 1894 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
................
फोटो-23 रूरा में परीक्षा छूटने के बाद पहले जमा किए बैग आदि लेने के लिए कतार में लगे अभ्यर्थी। संवाद
बैग लगने को लगानी पड़ी लंबी कतार
रूरा। पीईटी परीक्षा में केंद्र पर इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स, घड़ी आदि ले जाने पर रोक रही। इसकी वजह से परीक्षा केंद्र के बाहर ही अभ्यर्थियों ने बैग व अन्य सामान जमा किया। रूरा के आरपीएस इंटर कॉलेज केंद्र के बाहर संकलन केंद्र बनाया गया था। यहां अभ्यर्थियों ने बैग आदि जमा किए। बाद में परीक्षा छूटने पर यहां बैग लेने के लिए एक साथ अभ्यर्थी एकत्र हो गए तो कतार लगवाई गई। इससे बैग आदि पाने के लिए औसतन करीब आधे घंटे तक अभ्यर्थियों को इंतजार करना पड़ा। अन्य केंद्रों पर भी अभ्यर्थियों को जमा किए गए बैग, मोबाइल आदि वापस लेने में कतार लगानी पड़ी। (संवाद)
..................
फोटो- 21 संदीप यादव, प्रतापगढ़।
फोटो- 22 राका सरोज, प्रतापगढ़।
वैश्विक भूगोल के प्रश्नों ने उलझाया
एक बार परीक्षा दे चुका हूं। दूसरी बार परीक्षा दी है। पिछली परीक्षा की अपेक्षा इस वर्ष प्रश्नपत्र कठिन रहा। वैश्विक भूगोल के प्रश्न कठिन रहे। तैयारी ठीक थी, लेकिन उलझाऊ प्रश्नों की वजह से समय अधिक लगा। - संदीप यादव, प्रतापगढ़
..................
तर्क शक्ति के प्रश्नों ने चकराया
परीक्षा पहली बार दी है। तैयारी ठीक तरह से की थी लेकिन अनुमान से इतर तर्क शक्ति के प्रश्न कठिन रहे। इन प्रश्नों ने दिमाग घुमा दिया। - राका सरोज, प्रतापगढ़