कानपुर स्थित छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी डिग्री कॉलेजों में पढ़ रहे छात्र-छात्राओं के लिए नेशनल एकेडमिक डिपॉजिटरी (नैड) में पंजीकरण करवाना अनिवार्य है। बगैर पंजीकरण के छात्रों को परीक्षा फार्म नहीं भरने दिया जाएगा। पांच अक्तूबर से परीक्षा फार्म भरने शुरू होंगे जो नवंबर तक चलेंगे। डेढ़ महीने के भीतर नौ लाख छात्रों का पंजीकरण विवि के लिए चुनौती है।
मानव संसाधन विकास मंत्रालय ने छात्रों का सारा डाटा ऑनलाइन रखने के लिए नैड की शुरुआत की है। इसके तहत छात्रों को पूरा ब्यौरा देना होगा। उनकी मार्कशीट भी ऑनलाइन होगी। विद्यार्थियों को आईडी बनानी होगी। इसी आईडी द्वारा कोई भी कंपनी या कॉलेज छात्रों के दस्तावेज ऑनलाइन देख सकेगी।