उत्तर प्रदेश कंबाइंड एग्रीकल्चर एंड टेक्नोलॉजी एंट्रेंस टेस्ट (यूपीकैटेट) 2019 के परिणाम में कृषि विषय से 12वीं करने वाले छात्र हाशिए पर पहुंच गए हैं। जबकि बायोलॉजी और मैथ के छात्रों ने दबदबा कायम कर लिया है। कृषि विषय से 12वीं करने वाले करीब 90 फीसद छात्रों को कृषि विश्वविद्यालयों में दाखिला मिलने की संभावना नहीं है।
कृषि के छात्रों की स्थिति का अंदाजा उनकी कंबाइंड रैंक से लगाया जा सकता है। यूपीकैटेट स्नातक में एग्रीकल्चर वर्ग के प्रदेश टॉपर आदर्श प्रताप की कंबाइंड रैंक 494 है। मतलब आदर्श बायोलॉजी और मैथ्स ग्रुप के 493 बच्चों से पीछे हैं। इसी तरह एग्रीकल्चर के सेकेंड टॉपर सुमित पटेल की कंबाइंड रैंक 498 है। टॉप रैंकर्स में सबसे ज्यादा बायोलॉजी वर्ग के छात्र हैं।
इसके बाद मैथ के छात्रों ने अपनी जगह बनाई है। सबसे अंतिम पायदान पर कृषि के छात्र हैं। यूपीकैटेट के विशेषज्ञ और तिवारी एग्रीकल्चर एकेडमी के निदेशक संजीव तिवारी बताते हैं कि 12वीं एग्रीकल्चर विषय से पढ़ाई करने वाले इन टॉपर्स का एडमिशन भी कंबाइंड रैंक के जरिये बहुत मुश्किल से होगा। बता दें कि कंबाइंड रैंक के जरिये ही छात्रों को प्रदेश के चारों कृषि विवि में प्रवेश मिलता है।