कानपुर स्थित छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के यूआईईटी (यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी) में काउंसलिंग प्रक्रिया खत्म होने के बाद सीधी प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। छात्र इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी (आईटी), इलेक्ट्रानिक्स कम्युनिकेशन, मेकेनिकल इंजीनियरिंग में सीधे प्रवेश ले सकते हैं। इसके लिए पांच अगस्त शाम चार बजे तक रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। सात व आठ अगस्त को सीधे प्रवेश दिया जाएगा।
विश्वविद्यालय के यूआईईटी में इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम के छह ब्रांचों की पढ़ाई होती है। सभी ब्रांच में ओपेन कैटेगरी के तहत 60 सीट और ईडब्ल्यूएस के तहत छह सीटें हैं। मतलब एक ब्रांच में कुल 66 सीटें हैं। इसमें कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की सभी सीटें फुल हो गई हैं। अभी भी पांच ब्रांचों इलेक्ट्रानिक्स कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग, आईटी, मेकेनिकल इंजीनियरिंग, केमिकल इंजीनियरिंग व मैटेरियल साइंस एंड मैटलर्जिकल इंजीनियरिंग (एमएसएमई) में कुल 71 सीटें खाली हैं। छात्र 83,643 रुपये शुल्क का डिमांड ड्राफ्ट और अपने सभी शैक्षिक प्रमाणपत्र लेकर सीधे प्रवेश पा सकते हैं।
जेईई मेंस रैंकर को मिलेगी वरीयता
यूआईईटी के निदेशक डॉ. आरएन कटियार ने बताया कि सात व आठ अगस्त को सुबह 11 बजे से काउंसलिंग के जरिये सीधे प्रवेश दिया जाएगा। आवेदन करने वालों में जेईई मेंस की रैंक वाले छात्रों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसके बाद यूपीएसईई रैंक वाले छात्रों को प्रवेश दिया जाएगा।
एमसीए में भी 20 सीटें खाली
यूआईईटी में एमसीए की भी पढ़ाई होती है। एमसीए में सामान्य वर्ग में 60 सीटें और ईडब्ल्यूएस कोटे के तहत छह सीटें हैं। अभी करीब 20 सीटें रिक्त हैं। इसमें पांच अगस्त की शाम पांच बजे तक छात्रों को रजिस्ट्रेशन कराना है। सात अगस्त को सुबह 11 बजे से सीधे प्रवेश मिलेगा। छात्रों को 53643 रुपये का ड्राफ्ट लाना होगा।