कानपुर देहात। नागरिकता संशोधन कानून के विरोध में प्रदर्शन के मद्देनजर पुलिस और प्रशासनिक अफसरों ने पैदल मार्च कर शांति बनाए रखने की अपील की। लोगों को नागरिकता संशोधन कानून की जानकारी देते हुए किसी तरह की अराजकता पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
अकबरपुर में एसडीएम आनंद कुमार सिंह, सीओ संदीप कुमार, कोतवाल आमोद कुमार सिंह ने पैदल मार्च किया। लोगों को नागरिकता संशोधन कानून के बारे में जानकारी दी। लोगों से कहा कि इस कानून के बारे में अच्छी तरह से समझ लें। अराजकता करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने ओवर ब्रिज के नयागंज, रूरा चौराह, गांधी नगर में पैदल मार्च किया।
डेरापुर व राजपुर में अफसरों ने बैठक कर नागरिकता संशोधन कानून के बारे में लोगों को जागरूक किया।
बैठक में पहुंचे एडीएम पंकज वर्मा ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की सलाह दी है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था कायम रखने की अपील की है। इस दौरान एएसपी अनूप कुमार, एसडीएम दीपाली भार्गव, सीओ रामकृष्ण मिश्रा, कार्यवाहक थाना प्रभारी पंजाब सिंह मौजूद रहे। राजपुर में थाना परिसर में एसडीएम सिकंदरा रमेश चंद्र यादव, सीओ राजाराम चौधरी ने लोगों के साथ बैठक की। इसमें लोगों से क्षेत्र में शांति बनाए रखने की अपील की। इस मौके पर थाना प्रभारी विक्रम सिंह, कस्बा प्रभारी महेंद्र सिंह पटेल, व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष अवध विश्नोई, प्रधान अनवार खां, मुकेश कुमार, महेंद्र सिंह पाल, दिनेश चंद्र मिश्र आदि मौजूद रहे। दूसरी तरफ थाना प्रभारी शिव कुमार राठौर ने पुलिस बल के साथ झींझक व मंगलपुर में गस्त किया। साथ ही लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। बाद में झींझक कस्बा की मस्जिद के इमाम यूसुफ रजा कादरी व अन्य मुस्लिम समुदाय के लोगों के साथ बैठक की। इसमें शांति व्यवस्था बनाए रखने पर चर्चा हुई।
----------