कानपुर निकाय चुनाव के सभी परिणाम शुक्रवार दोपहर दो बजे तक आ जाएंगे। सबसे पहले पार्षदों के परिणाम आने शुरू होंगे। उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि वार्ड में ज्यादा प्रत्याशी होने पर ज्यादा टेबल लगाई जा रही हैं। इससे वोटों की गिनती जल्द होगी। मतगणना शुक्रवार सुबह शुरू होगी। मतगणना कक्ष में प्रत्याशी या निर्वाचन अभिकर्ता (एजेंट) या मतगणना अभिकर्ता में से एक ही मौजूद रह सकेगा। मतगणना कक्ष में मोबाइल ले जाने पर रोक रहेगी। बिना पास के किसी को प्रवेश नहीं मिलेगा।
मतगणना केंद्र के प्रांगण में दो सौ मीटर की परिधि में केवल ड्यूटी में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के वाहनों को ही प्रवेश मिलेगा। किसी सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति अथवा उसके अंगरक्षक को शस्त्र के साथ प्रवेश नहीं दिया जाएगा। मतगणना कक्ष में मोबाइल, टैबलेट और अन्य इलेक्ट्रानिक गैजेट लेकर कोई भी व्यक्ति नहीं जाएगा। उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजय चौहान ने बताया कि कोई भी व्यक्ति बिना परिचय पत्र या प्रवेश पास के मतगणना कक्ष में नहीं आ सकेगा।
मेयर के 70 अभिकर्ता रहेंगे
मेयर प्रत्याशियों के वोटों की गिनती 70 टेबलों पर होंगी। इसलिए हर टेबल पर प्रत्याशी का एक अभिकर्ता मतगणना के समय बैठ सकता है। पार्षद प्रत्याशियों के वोटों की गिनती वार्ड वार एक-एक टेबल पर होगी। मतगणना के समय प्रत्याशी या उसका एक अभिकर्ता ही बैठ सकेगा।
परिणाम के एक घंटे बाद मिलेंगे प्रमाणपत्र
पार्षदों का परिणाम आने के एक घंटे बाद प्रमाणपत्र मिल सकेगा। मतगणना के बाद परिणाम कंप्यूटर पर फीड कर दिए जाएंगे। इसके बाद ही प्रमाणपत्र दिया जाएगा। मेयर को परिणाम आने के दो घंटे बाद प्रमाणपत्र मिलेगा।
आवास विकास के मैदान में पार्किंग
मतगणना स्थल नौबस्ता गल्ला मंडी में जाने वाले लोगों के वाहनों की पार्किंग पास ही स्थित आवास विकास के मैदान में होगी। प्रत्याशियों और उनके अभिकर्ताओं के वाहन मैदान में ही खड़े होंगे।
विजय जुलूस नहीं निकाल सकेंगे
परिणाम आने के बाद कोई भी प्रत्याशी विजय जुलूस नहीं निकाल सकेगा। चुनाव आयोग ने विजय जुलूस निकालने पर रोक लगा दी है। उप जिला निर्वाचन अधिकारी का कहना है कि इसका अनुपालन सख्ती से कराया जाएगा। कोई भी प्रत्याशी विजय जुलूस न निकाले।
बंद रहेंगी शराब की दुकानें
मतगणना के मद्देनजर जिले में अंग्रेजी शराब, देशी शराब, बियर की दुकानें गुरुवार रात 12 से शुक्रवार रात 12 बजे तक बंद रहेंगी। आबकारी अधिकारी अभिमन्यु सिंह ने बताया कि कोई भी दुकान इस अवधि में खुली मिली तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
गेट नंबर एक से जाएंगे प्रत्याशी
प्रत्याशी और उनके अभिकर्ता गल्ला मंडी नौबस्ता में गेट नंबर एक से प्रवेश करेंगे। कर्मचारियों का प्रवेश गेट नंबर दो से होगा। गेट पर पास चेक किए जाएंगे। इसलिए अपने पास जरूर लेकर आएं। उसके बिना प्रवेश नहीं मिलेगा। वार्ड की गणना पूरी होने पर प्रत्याशी या एजेंट को हाल से बाहर जाना होगा।